SPG हटने के बाद सामने आई प्रियंका गांधी की सुरक्षा में बड़ी चूक, कार समेत घर में घुसे अज्ञात लोग

एसपीजी की सुरक्षा

आरयू वेब टीम। केंद्र सरकार द्वारा एसपीजी की सुरक्षा कांग्रेस की राष्‍ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी के पास से हटा लेने के बाद एक बड़ी चूक सामने आयी है। प्रियंका की वर्तमान जेड श्रेणी की सुरक्षा को धता बताते हुए आधा दर्जन लोग कार समेत कांग्रेस महासचिव के घर में घुस गए थे। हालांकि ये घटना पिछले महीने 26 नवंबर को हुई थी, लेकिन इस बात का खुलासा आज हुआ है। जिसके बाद से कांग्रेस के नेताओं व कार्यकर्ताओं में खास रोष है।

जानकारी के अनुसार, लोधी स्टेट स्थित प्रियंका गांधी के निवास पर 26 नवंबर को आधा दर्जन अज्ञात लोगों ने बिना पूर्व जानकारी के प्रवेश किया और सेल्फी लेने के लिए कहा। प्रियंका गांधी के दफ्तर ने सीआरपीएफ में इसकी शिकायत दर्ज कराई है। मामले की जांच की जा रही है।

बताया जा रहा है कि 26 नवंबर को दोपहर करीब दो बजे, काले रंग की स्कॉर्पियो एसयूवी प्रियंका गांधी के निवास में घुस गयी। उस समय उनके कार्यालय में एक बैठक चल रही थी, उनके सहयोगी ने बाहर आकर पूछताछ की कि वे क्या चाहते हैं। कार में दो पुरुष, तीन महिलाएं और एक बच्चा था।, उन्होंने कहा कि वे प्रियंका गांधी के साथ फोटो लेना चाहते थे।

यह भी पढ़ें- हटाई गई पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की SPG सुरक्षा, अब केंद्रीय पुलिस बल देगा सिक्‍योरिटी

वहीं जब प्रियंका गांधी के दफ्तर ने सुरक्षा के लिए जिम्मेदार सीआरपीएफ से पूछा गया, तो उनका कहना था कि निवास तक सुरक्षा दिल्ली पुलिस देखती है और एक दूसरे पर ठीकरा फोड़ने का खेल शुरू हो गया है।

बताते चलें कि हाल में केंद्र सरकार ने कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी, उनके बेटे और पूर्व पार्टी प्रमुख राहुल गांधी और उनकी बेटी प्रियंका गांधी वाड्रा की एसपीजी की सुरक्षा वापस ले ली थी और इसकी जगह केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की ‘जेड प्लस’ सुरक्षा मुहैया कराई थी। गांधी परिवार की एसपीजी सुरक्षा हटाने पर खासा हंगामा हुआ था और कांग्रेस ने इसे लेकर विरोध प्रदर्शन भी किया था।

संसद में भी हुआ था हंगामा

संसद में भी इस मुद्दे पर जमकर हंगामा हुआ और सदन की कार्यवाही स्थगित तक करनी पड़ी थी। कांग्रेस सहित कई विपक्षी दलों ने इसे बदले की राजनीति बताया था। वहीं, गृह मंत्री अमित शाह ने एसपीजी अमेंडमेंट बिल पर चर्चा के दौरान बिना किसी का नाम लिए कहा था कि अब तक एसपीजी सुरक्षा के नियमों में जो भी बदलाव हुए थे, वे सिर्फ एक परिवार को ध्यान में रखकर हुए। पहली बार पीएम की सुरक्षा को ध्यान में रखकर बदलाव हुआ है। इसका स्टेटस सिंबल के तौर पर इस्तेमाल नहीं होगा।

यह भी पढ़ें- प्रियंका का योगी सरकार पर हमला, PF-वेतन व LDA घोटालों की बड़ी मछलियों पर नहीं हो रही कार्रवाई, पूछा घोटालेबाजों को कौन बचा रहा