कर्मचारियों ने नहीं मानी डीएम की बात, हड़ताल जारी

strike in lucknow

आरयू ब्‍यूरो

लखनऊ। अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ हुई मारपीट के बाद से कलक्ट्रेट और सदर तहसील समेत सभी कर्मचारियों की हड़ताल आज भी जारी रही। दोपहर में जिलाधिकारी सत्येन्द्र सिंह यादव ने कर्मचारियों को अपने आवास पर वार्ता के लिए बुलाया था, लेकिन कर्मचारियों ने डीएम आवास के बजाय कलक्ट्रेट में जिलाधिकारी के साथ वार्ता की।

इस दौरान डीएम ने नाराज कर्मचारियों को मनाने की कोशिश की, लेकिन कर्मचारियों ने डीएम की बात नहीं मानी। वार्ता का कोई नतीजा न निकलने से हड़ताल जारी रही। लेखपाल संघ के जिलाघ्यक्ष सुशील कुमार शुक्ला ने बताया कि हर बार जिला प्रशासन के अधिकारी आश्वासन देकर हम लोगों को मनाकर हड़ताल समाप्त करवा देते थे, लेकिन इस बार दोषियों के खिलाफ कार्रवाई से पहले हम लोग मानने वाले नहीं है।

अगर आवश्‍यकता पड़ी तो अन्य संगठनों से बातचीत कर उन्‍हें भी हड़ताल में शामिल किया जाएगा। कर्मचारियों का कहना है कि जब भी वकील से कर्मचारियों के साथ मारपीट होती है, तो हर बार प्रशासन कर्मचारियों को ही आश्वासन देकर शांत करा देता है। इस बार वे पीछे नहीं हटने वाले। दूसरी ओर एडीएम वित्त एवं राजस्व निधि श्रीवास्तव ने कहा कि कर्मचारी संगठनों से बातचीत की जा रही है। संभव है कि जल्द ही वार्ता के बाद कलक्ट्रेट, तहसील कार्यालय खुल जाएंगे।