टिकट कटने के बाद लग रही अटकलों पर स्वाति सिंह ने कहा, भाजपा में ही रहूंगी

भाजपा में ही रहूंगी
मीडिया से बात करतीं स्वाति सिंह।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। भाजपा नेता स्‍वाति सिंह का टिकट कटने के बाद राजनीतिक गलियारों में भाजपा छोड़ने को लेकर अटकलों का दौर शुरू हो गया। इस बीच स्वाति सिंह ने मीडिया के सामने आकर कहा कि भाजपा में हूं और भाजपा में ही रहूंगी। पार्टी जो जिम्मेदारी देगी उसे निभाऊंगी। भाजपा नेता ने कहा कि सरोजनी नगर से पार्टी प्रत्याशी की जीत होगी। हम मिलकर मेहनत करेंगे।

साथ ही कहा कि मैं मंत्री के तौर पर अपने काम से खुश हूं। अपने क्षेत्र में किए गए कार्यों से भी मुझे संतुष्टि है। मैं बिल्कुल दुखी नहीं हूं, पार्टी के निर्णय का ईमानदारी से पालन करूंगी पार्टी का निर्णय सर्वोपरि होता है। हमें अपने नेतृत्व पर विश्वास है। वहीं पति दयाशंकर सिंह पर पूछे गए सवाल पर कहा कि उनके विषय में उन्हीं से बात करनी चाहिए।

यह भी पढ़ें- अखिलेश को भाजपा का झटका, जलालपुर से विधायक सुभाष राय BJP में शामिल

गौरतलब है कि लखनऊ की सरोजनी नगर विधानसभा सीट से भाजपा ने मौजूदा विधायक स्वाति सिंह का टिकट काटकर ईडी के पूर्व डायरेक्टर राजेश्वर सिंह को उम्मीदवार बनाया है। इसके पीछे का कारण स्वाति सिंह और उनके पति दयाशंकर सिंह के बीच टिकट की लड़ाई बताई जा रही है।

दरअसल, स्वाति सिंह के पति और भाजपा नेता दयाशंकर सिंह भी सरोजनी नगर विधानसभा सीट से दावेदारी ठोक रहे थे। वहीं, स्वाति सिंह भी दोबारा इस सीट से चुनाव लड़ना चाहती थीं। पति-पत्नी की इस लड़ाई का फायदा ईडी के पूर्व डायरेक्टर राजेश्वर सिंह को मिल गया। जहां भाजपा ने उन्हें सरोजनी नगर विधानसभा सीट से प्रत्याशी घोषित कर दिया है। राजेश्वर सिंह लखनऊ रेंज की आईजी लक्ष्मी सिंह के पति हैं।।

बता दें कि सरोजनी नगर विधानसभा क्षेत्र को लेकर स्वाति सिंह और उनके पति दयाशंकर सिंह आमने-सामने हो चुके थे। दोनों ने ही इस सीट से उम्मीदवारी पर अपना दावा ठोका था। पत्नी के विधायक होने के बावजूद सरोजनी नगर क्षेत्र में पति दयाशंकर सिंह के होर्डिंग नजर आने लगे थे। इसके बाद में एक ऑडियो वायरल हुआ था, जिसमें स्वाति सिंह बोलतीं सुनाई दे रही थी कि मंत्री होने के बावजूद उनके पति दयाशंकर सिंह उन पर हाथ उठा देते हैं।

यह भी पढ़ें- अयोध्‍या नहीं, गोरखपुर से सीएम योगी लड़ेंगे विधानसभा का चुनाव, BJP ने जारी की 107 उम्‍मीदवारों की सूची, देखें