TMC नेताओं के हमले पर महबूबा मुफ्ती ने भाजपा को घेरा, ‘क्या बंगाल की जनता ने वोट देकर यही बदलाव चुना

महबूबा मुफ्ती
महबूबा मुफ्ती। (फाइल फोटो)

आरयू वेब टीम। जम्मू-कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) नेताओं पर हो रहे हमलों को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। महबूबा मुफ्ती ने राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं। साथ ही पूछा क्या यही बदलाव पश्चिम बंगाल की जनता ने वोट देकर चुना था?

इन घटनाओं पर प्रतिक्रिया देते हुए महबूबा मुफ्ती ने भाजपा सरकार को निशाने पर लेते हुए कहा, “पश्चिम बंगाल में भाजपा के चुनाव जीतने के बाद से कानून-व्यवस्था की लगातार बिगड़ती स्थिति बेहद चिंताजनक है। हालात इतने खराब हो चुके हैं कि निष्पक्ष संस्थाएं, जैसे पुलिस, अब कथित तौर पर राजनीतिक हथियार के रूप में इस्तेमाल होती दिखाई दे रही हैं। राजनीतिक प्रतिद्वंद्वियों जैसे अभिषेक बनर्जी के खिलाफ हिंसक और जानलेवा हमलों को नजरअंदाज किया जा रहा है। क्या यही बदलाव पश्चिम बंगाल की जनता ने वोट देकर चुना था? निश्चित रूप से नहीं।”

दरअसल, पश्चिम बंगाल में टीएमसी नेताओं पर हमलों की घटनाएं सामने आई हैं। पहले साउथ 24 परगना के सोनारपुर में टीएमसी महासचिव अभिषेक बनर्जी पर हमला हुआ था। इसके बाद हुगली में टीएमसी सांसद कल्याण बनर्जी पर भी हमला किए जाने की खबर सामने आई। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसके बाद राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है।

यह भी पढ़ें- हुगली में TMC सदस्य के पति की हुई निर्मम हत्या, परिजनों ने भाजपा पर लगाया आरोप

वहीं महबूबा मुफ्ती के इस बयान के बाद पश्चिम बंगाल की राजनीति में एक बार फिर कानून-व्यवस्था का मुद्दा चर्चा में आ गया है. विपक्षी दल लगातार राज्य में राजनीतिक हिंसा और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठा रहे हैं। वहीं टीएमसी नेताओं पर हुए हमलों को लेकर पार्टी समर्थकों में भी नाराजगी देखी जा रही है।

यह भी पढ़ें- सरकार जाने के बाद ममता बनर्जी को लगा एक और झटका, सांसद काकोली घोष ने TMC के सभी पदों से दिया इस्तीफा