आरयू ब्यूरो, लखनऊ। उत्तर भारत में लगातार जारी बारिश और बाढ़ जैसे हालात ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने यूपी के कई जिलों में चार सितंबर 2025 को स्कूलों को बंद रखने का आदेश दिया है। जिसके तहत सभी सरकारी और निजी स्कूल बंद रहेंगे।
वहीं अभिभावकों और छात्रों से अपील है कि वे छुट्टी की सही जानकारी के लिए अपने-अपने विद्यालय से अवश्य संपर्क करें। इस संबंध में मेरठ के डीएम डॉ. वी.के. सिंह ने जिले में तीन दिनों से हो रही लगातार बारिश को देखते हुए बड़ा फैसला लिया है।
डीएम ने परिषदीय, राजकीय-अशासकीय सहायता प्राप्त स्कूलों, सीबीएसई, आइसीएससी और मदरसा बोर्ड से संबद्ध नर्सरी से कक्षा आठ तक के सभी छात्रों के लिए चार सितंबर को भी अवकाश घोषित किया है।
साथ ही हापुड़ में भारी बारिश के कारण प्रशासन ने निर्णय लिया है कि जिले में चार सितंबर को कक्षा नर्सरी से 12वीं तक के सभी बोर्डों के स्कूल बंद रहेंगे।
यह भी पढ़ें- UP में मॉनसून बदलेगा तेवर, 21 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी, कई शहरों में गिरेगी बिजली
वहीं मथुरा जिले में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। यमुना नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है और कई क्षेत्रों में जलभराव हो गया है, जिससे कुछ स्कूलों में भी पानी घुस गया है। स्थिति को देखते हुए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने गुरुवार को कक्षा 12वीं तक के सभी स्कूलों में अवकाश घोषित किया है।




















