कार पर तेज रफ्तार डंपर पलटने से अंतिम संस्कार में जा रहे एक ही परिवार के सात सदस्‍यों की दर्दनाक मौत

यूपी में भीषण हादसा
कार से शवों को निकालते लोग।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ/सहारनपुर। यूपी में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया है। सहारनपुर जिले के थाना गागलहेड़ी इलाके में खनिज से लदा तेज रफ्तार डंपर अनियंत्रित होकर एक कार पर पलट गया। जिससे अंतिम संस्‍कार में जा रहे एक ही परिवार के सात सदस्‍यों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक राहगीर भी इसकी चपेट में आ गया, जिसकी पहचान नहीं हो सकी है। हादसे के बाद डंपर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। सूचना पाकर पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ पहुंचे और मशक्‍कत के बाद जाम हटाने व भीड़ को शांत करने में सफल रहे।

मिली जानकारी के मुताबिक सैयद माजरा निवासी महेंद्र सैनी के साले की गुरुवार रात मौत हो गई थी। शुक्रवार सुबह महेंद्र सैनी अपने परिवार और रिश्तेदारों के साथ अंतिम संस्कार में शामिल होने जा रहे थे। तभी गांव से बाहर निकलते ही तेज रफ्तार डंपर अचानक अनियंत्रित होकर कार पर पलट गया। धमाके जैसी आवाज के बाद इलाका दहल उठा। कार पल भर में पूरी तरह पिचक गई और अंदर बैठे सभी लोगों की दबकर मौत हो गई।

हादसे की जानकारी मिलते ही आस-पास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। कुछ ही देर में स्थिति ऐसी हो गई कि सड़क पर आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। क्षेत्र में चीख-पुकार और कोहराम मचा रहा। सूचना मिलने पर सीओ सदर, थाना प्रभारी गागलहेड़ी भारी पुलिस बल के साथ पहुंचे और तुरंत बचाव कार्य शुरू कराया। यातायात प्रभारी भी टीम के साथ मौके पर पहुंचकर जाम खुलवाने में जुट गए।

वहीं पुलिस ने जेसीबी और क्रेन की मदद से डंपर हटवाया और कार में फंसे शवों को बाहर निकाला। इस दौरान ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। लोग उच्च अधिकारियों को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े हुए हैं और जमकर नारेबाजी भी की। जिसके बाद पुलिस ने लोगों को समझाबुझा कर शांत कराया। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक है। परिवार के सात सदस्यों की एक साथ हुई मौत से गांव में मातम पसर गया है।

यह भी पढ़ें- मध्य-प्रदेश में भीषण सड़क हादसा, तेज रफ्तार डंपर ने बाइक-पिकअप को मारी टक्कर, पांच की मौत, 17 घायल

पुलिस के मुताबिक परिवार सैयद माजरा का रहने वाला था, जो कार में सवार होकर जा अंतिम संस्कार के लिए रहा था। मृतकों की पहचान 24 साल के संदीप, उसकी 27 साल की बहन जौली देवी, 28 साल के बहनोई शेखर कुमार, संदीप की मां रानी देवी, मौसी का 20 साल का लड़का विपिन, जो मोहद्दीपुर का रहने वाला था, 27 साल के राजू सैनी के रूप में हुई है। इसके अलावा मृतकों में एक बच्चा भी शामिल था।

यह भी पढ़ें- अब काकोरी में लगी सवारियों से भरी डबल डेकर बस में भीषण आग, सामान जला, बाल-बाल बचे यात्री