आरयू ब्यूरो, लखनऊ। यूपी में ठंड और कोहरे ने रफ्तार पकड़ ली है। जिसने जनजीवन को प्रभावित करना शुरू कर दिया है। प्रदेश में चल रही गलन भरी पछुआ हवा ठिठुरन बढ़ा रही है, तो वहीं तराई के इलाकों में घने कोहरे की वजह से वाहन चालकों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। माैसम विभाग का कहना है कि फिलहाल दो-तीन दिनों तक रात में पारे का गिरना और तराई इलाकों में सुबह शाम कोहरे का प्रकोप जारी रहेगा।
वहीं बात करें मंगलवार की तो सुबह प्रदेश के तराई में कोहरे की घनी चादर छाई रही। कुशीनगर में दृश्यता शून्य तक जा पहुंची, जबकि बहराइच में दृश्यता 50 मीटर और गोरखपुर में सौ मीटर दर्ज हुई। मंगलवार को 6.8 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ बरेली सबसे ठंडा रहा।
यह भी पढ़ें- दिल्ली में बढ़ती ठंड के बीच वायु प्रदूषण की मार जारी, आज भी बहुत खराब श्रेणी में हवा
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक ने बताया कि प्रदेश में बुधवार से विक्षोभ का असर खत्म जाएगा और अच्छी धूप खिलेगी। ठंडी पछुआ के असर से प्रदेश में अगले दो दिनों में रात के पारे में दो डिग्री तक की गिरावट के आसार हैं।
मौसम विभाग का कहना है कि प्रदेश में पारे में गिरावट जारी रहेगी। इस बीच लगातार दो पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से कई इलाकों में छिटपुट बादलों की मौजूदगी रहेगी। फिलहाल यूपी में लगातार दो पश्चिमी विक्षोभ के असर से कहीं-कहीं बादलों की आवाजाही रहेगी। विक्षोभ के गुजरने के बादल छंटेंगे। धूप-छांव के मौसम से निजात मिलेगी। इस बीच प्रदेश के तराई व अन्य इलाकों में सुबह के समय हल्के से मध्यम धुंध व कोहरा बना रहेगा।




















