पूर्व उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा राज्यसभा के लिए निर्विरोध निर्वाचित

निर्विरोध निर्वाचित
फाइल फोटो।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। उत्तर प्रदेश में राज्यसभा की एक खाली हुई सीट पर हो रहे उपचुनाव में भाजपा कैंडिडेट दिनेश शर्मा निर्विरोध चुन लिए गए हैं। राज्यसभा सीट के लिए किसी अन्य दल का नामांकन न होने के कारण दिनेश शर्मा को निर्विरोध चुना गया।

दरअसल शुक्रवार आठ सितंबर को नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख थी। दिनेश शर्मा ने अलावा किसी अन्य व्यक्ति ने नामांकन ही दाखिल नहीं किया। अगर कोई अन्य व्यक्ति इस उपचुनाव के लिए नामांकन करता तो 15 सितंबर को मतदान होता और उसी दिन मतगणना के बाद परिणाम आता। हालांकि पहले से ही माना जा रहा था कि जिस विधानसभा और विधानपरिषद में भाजपा के पास प्रचंड बहुमत है, उस हिसाब से दिनेश शर्मा की जीत तय थी।

वहीं दिनेश शर्मा ने ट्विट कर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का धन्यवाद किया। उन्होंने लिखा, ‘आपके आशीर्वचन के लिया आपका हृदय से आभार। बीजेपी केंद्र और प्रदेश नेतृत्व का मेरे ऊपर विश्वास प्रकट कर राज्यसभा सदस्य उम्मीदवार बनाए जाने हेतु बहुत धन्यवाद आभार।

यह भी पढ़ें- राज्यसभा उपचुनाव के लिए दिनेश शर्मा ने किया नामांकन, कही ये बातें

बता दें कि 12 जनवरी 1964 को लखनऊ में जन्में दिनेश शर्मा लखनऊ के लगातार दो बार मेयर भी रह चुके हैं। इसके साथ ही वह लखनऊ विश्वविद्यालय में वाणिज्य के प्रोफेसर भी रहे हैं। दिनेश शर्मा को सबसे पहले साल 1987 में लखनऊ विद्यार्थी परिषद के अध्यक्ष के तौर पर चुना गया था। इसके बाद 1991 में प्रदेश बीजेपी युवा मोर्चा का प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया था।

साल 1993 से 1998 तक भाजपा युवा मोर्चा का प्रदेश अध्यक्ष रहे। भाजपा सरकार बनने पर इन्हें राज्य मंत्री का दर्जा प्रदान कर उत्तर प्रदेश पर्यटन विकास निगम का उपाध्यक्ष बनाया गया था। इसके बाद साल 2006 में पहली बार दिनेश शर्मा लखनऊ के मेयर चुने गए थे।

यह भी पढ़ें- UP के पूर्व डिप्टी सीएम दिनेश शर्मा पर बीजेपी ने जताया भरोसा, बनाया राज्‍यसभा उपचुनाव का उम्मीदवार