UP सरकार के मंत्री रघुराज सिंह का विवादित बयान, ‘मदरसे आतंकियों का अड्डा, दी जाती है आतंक की ट्रेनिंग’

मंत्री रघुराज सिंह

आरयू ब्यूरो,लखनऊ। यूपी सरकार के दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री रघुराज सिंह ने एक बार फिर विवादित बयान दिया है। रघुराज ने कहा कि मदरसे आतंकवादियों के अड्डे हैं। वहां आतंक की ट्रेनिंग दी जाती है। मदरसे से निकलने वाला व्यक्ति आतंकवादी बनता है। उनकी सोच आतंक की होती है। अगर भगवान ने मुझे मौका दिया, तो पूरे देश के मदरसे बंद कर दूंगा।

राज्य मंत्री ने आगे कहा कि आतंकवाद का मुंह उसी तरह से कुचलना है जैसे सांप को मारने के लिए उसका फन कुचल दिया जाता है। उसी तरह आतंकवाद का भी फन हम कुचलेंगे। मंत्री ने आगे कहा कि आज केरल में इस्लामिकवाद चलाया जा रहा है। वहां हिंदू बेटियों के साथ अत्याचार किया जा रहा है। ऐसा इसलिए हो रहा है, क्योंकि वहां कम्युनिस्ट सरकार है। इसलिए भारत सरकार को एक्शन लेते हुए इन मदरसों को बंद कर देना चाहिए। उन्होंने कहा कि केरल सरकार को भंग करके वहां तुरंत राष्ट्रपति शासन लगा देना चाहिए।

यह भी पढ़ें- MHRD की रिपोर्ट पर बोलीं प्रियंका, भाजपा सरकार की नाक के नीचे हो रहा भ्रष्‍टाचार, प्रज्ञा के विवादित बयान पर भी PM से पूछा सवाल

साथ ही कहा कि यूपी में पहले 250 मदरसे थे, लेकिन आज 22 हजार मदरसे हो गए हैं। उन्होंने अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी के छात्र रहे आतंकवादी मन्नान वानी का जिक्र कर कहा कि वह यहां से पढ़ाई करने वाला आतंकवादी था। वह भी मदरसे से निकल कर जम्मू-कश्मीर से पढ़कर यहां आया था। जिस भी मदरसे से लोग निकलते हैं, वो आतंकवादी होते हैं। मदरसे में पढ़ने वाले सब आइएसआइ के एजेंट हैं।

बता दें कि रघुराज सिंह पहले भी कई बार विवादित बयान दे चुके हैं। इसके पहले उन्होंने एएमयू के छात्रों को जिंदा गाड़ देने की बात कही थी। 10 फरवरी, 2020 को उन्होंने केंद्र सरकार से बुर्के को बैन करने की मांग की थी। कहा था कि बुर्के पर बैन की बात इसलिए की, क्योंकि इससे आतंकवादी घुसपैठ करते हैं।