एक्सप्रेस-वे पर पलटी यात्रियों से भरी बस, महिला-बच्‍चों समेत 21 घायल, छह की हालत गंभीर

यमुना एक्सप्रेस-वे
दुर्घटना के बाद बस को हटाती क्रेन।

आरयू संवाददाता, आगरा। यूपी में आगरा जिले के यमुना एक्सप्रेस वे पर नोएडा से पश्चिम बंगाल के लिए जा रही बस खंदौली क्षेत्र में गुरुवार तड़के दुर्घटनाग्रस्‍त हो गई। अनियंत्रित बस डिवाइडर पर चढ़ने के बाद पलट गई। इसमें 90 यात्री सवार थे, जिनमें से महिला बच्‍चों समेत 21 यात्री घायल हो गए। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी को एंबुलेंस और पुलिस वाहनों से एसएन इमरजेंसी में पहुंचाया। इनमें से छह की हालत गंभीर है। घटना की वजह चालक द्वारा शराब पीकर बस चलाने को बताया जा रहा है।

मिली जानकारी के अनुसार, थाना खंदौली क्षेत्र के माइलस्टोन 160 झरना नाले के पास बस अनियंत्रित हो गई। डिवाइडर में टकराने के बाद बस पलट गई। बस के पलटने से उसमें सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। हादसे की पुलिस को सूचना देते हुए टोल पर तैनात कर्मियों ने पुलिस की सहायता कर बस में फंसे यात्रियों को निकालकर उपचार कराया।

यह भी पढ़ें- UP: यात्रियों से भरी बस की कैंटर से टक्कर, दस की मौत, 20 से अधिक घायल

मौके पर पहुंची सीओ अर्चना सिंह ने बताया कि पुलिस एवं एक्सप्रेस वे कर्मियों ने बस में फंसे यात्रियों को कड़ी मशक्कत कर बाहर निकालने के बाद एंबुलेंस की मदद से उपचार के लिए विभिन्न अस्पतालों में भेज दिया। उपचार के बाद यात्रियों को दूसरी बस से रवाना कर दिया गया। सभी यात्री पश्चिम बंगाल के रहने वाले हैं।

यात्रियों ने पुलिस को बताया कि चालक नशे में था। वह खतरनाक तरीके से बस चला रहा था। यात्रियों ने उसे टोका था, लेकिन वह नहीं मान रहा था। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस चालक के बारे में जानकारी जुटा रही है।

यह भी पढ़ें- आगरा एक्सप्रेस-वे पर खड़े ट्रक में घुसी कार, छह लोगों की दर्दनाक मौत, लखनऊ से दर्शन करने जा रहा था परिवार