आरयू ब्यूरो, लखनऊ। समाजवादी पार्टी के कद्दावर नेता आजम खान से जुड़े जौहर यूनिवर्सिटी और ट्रस्ट मामले में प्रवर्तन निदेशालय की टीम मंगलवार को जेल पहुंची। ईडी की टीम करीब नौ बजे जेल में प्रवेश किया, जिसके आजम खान से पूछताछ शुरू की गई। जो काफी देर तक चली।
मिली जानकारी के मुताबिक आज सुबह करीब नौ बजे रामपुर जेल पहुंची। टीम के जेल परिसर में प्रवेश करने के बाद आजम खान से पूछताछ की प्रक्रिया शुरू हुई। पूछताछ कितनी देर तक चलेगी और जांच एजेंसी आगे क्या कदम उठाएगी, इस संबंध में फिलहाल कोई जानकारी सामने नहीं आई है। सूत्रों की माने तो ईडी कि टीम रामपुर में कई दिन रुक सकती है और जौहर यूनिवर्सिटी भी जा सकती है।
वहीं जरूरत पड़ने पर तंजीन फातिमा से भी पूछताछ हो सकती है। ईडी की यह कार्रवाई जौहर यूनिवर्सिटी और ट्रस्ट से संबंधित मामले की जांच के संदर्भ में देखी जा रही है। जांच एजेंसी विभिन्न पहलुओं पर जानकारी जुटा रही है। इससे पहले इस प्रकरण में सपा विधायक नसीर अहमद खान समेत आजम खान के करीबी माने जाने वाले अन्य लोगों से पूछताछ किए जाने की जानकारी सामने आई थी। बताया जा रहा है कि इन पूछताछों के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर आजम खान से भी सवाल किए जा रहे हैं। हालांकि, पूछताछ के दौरान किन सवालों पर विशेष जोर दिया जा रहा है और अब तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
गौरतलब है कि आजम खान का नाम जौहर यूनिवर्सिटी की स्थापना और उससे जुड़े ट्रस्ट के कारण लंबे समय से राजनीतिक चर्चाओं में रहा है। विश्वविद्यालय रामपुर में स्थित है और आजम खान इससे जुड़े प्रमुख व्यक्तियों में शामिल रहे हैं। ट्रस्ट और विश्वविद्यालय से संबंधित मामलों में अलग-अलग स्तर पर कानूनी और जांच प्रक्रियाएं चलने की खबरें समय-समय पर सामने आती रही हैं। वर्तमान पूछताछ भी इसी प्रकरण से संबंधित बताई जा रही है।
यह भी पढ़ें- आजम खान व जौहर यूनिवर्सिटी से जुड़े लोगों के दस ठिकानों पर ED की छापेमारी




















