71 वें गणतंत्र दिवस: समारोह में भारत का शक्ति प्रदर्शन, सेना के शौर्य, नारी शक्ति व ‘आकाश’ से लेकर भीष्म टैंक के दिखे जलवे

गणतंत्र दिवस
गणतंत्र दिवस पर परेड के समय दिखा ऐसा नजारा।

आरयू वेब टीम। भारत के 71 वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर राजपथ पर आयोजित समारोह में देश की बढ़ती हुई सैन्य शक्ति, बहुमूल्य सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक-आर्थिक प्रगति का भव्य नजारा दिखा। भारत के गणतंत्र के रूप में स्थापित होने की वर्षगांठ पर आयोजित नब्बे मिनट के समारोह में ब्राजील के राष्ट्रपति जायेर बोलसोनारो मुख्य अतिथि रहे। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने राजपथ पर तिरंगा फहराया और परेड की सलामी ली।

गणतंत्र दिवस
तिरंगे को सलामी देते राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद व ब्राजील के राष्ट्रपति।

इस दौरान परेड में देश की बढ़ती हुई सैन्य शक्ति, बहुमूल्य सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक-आर्थिक प्रगति का भव्य प्रदर्शन किया गया। पांच जगुआर लड़ाकू विमानों ने 780 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से उड़ान भरी। वहीं खास बात ये रही कि गणतंत्र दिवस समारोह में पहली बार महिला बाइकरों ने दिखाए करतब दिखाए, इनमें इंस्पेक्टर सीमा नाग ने चलती हुई मोटर साइकिल से सलामी दी, कांस्टेबल मीना चौधरी ने पोजिशन की मुद्रा में सलामी दी।

गणतंत्र दिवस
चलती हुई मोटर साइकिल से सलामी देतीं इंस्पेक्टर सीमा नाग।

वहीं उपग्रह भेदी हथियार ‘शक्ति, थलसेना का युद्धक टैंक भीष्म, इन्फैंट्री युद्धक वाहन’ और हाल ही में भारतीय वायु सेना में शामिल किए गए चिनूक और अपाचे युद्धक हेलीकाप्टर भव्य सैन्य परेड का हिस्सा बने।

राजपथ पर राष्ट्र की बहुमूल्य सांस्कृतिक धरोहर और आर्थिक प्रगति को दर्शाने वाली 22 झांकियों में से 16 झांकियां राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की हैं और छह विभिन्न मंत्रालयों और विभागों की। स्कूली बच्चे नृत्य और संगीत के माध्यम से युगों पुरानी योग परंपरा और आध्यात्मिक मूल्यों का संदेश दिया।

यह भी पढ़ें- गणतंत्र दिवस 2019: राजपथ पर दिखी भारत की ताकत और सांस्कृतिक धरोहर की झलक