आरयू वेब टीम। पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने बुधवार को अपने मंत्री परिषद में बड़े स्तर पर फेरबदल किए हैं। इस दौरान कुल नौ मंत्रियों ने पद और गोपनीयता की शपथ ली है। नई मंत्री परिषद में पांच कैबिनेट, दो स्वतंत्र प्रभार और दो राज्य मंत्री बनाए गए हैं। कैबिनेट मंत्री के रूप में बाबुल सुप्रियो और पार्थ भौमिक ने शपथ ली।
ममता सरकार में कैबिनेट मंत्रियों पद की शपथ लेने वालों में बाबुल सुप्रियो, स्नेहाशीष चक्रवर्ती, पार्थ भौमिकी, उदयन गुहा और प्रदीप मजूमदार शामिल हैं, जबकि स्वतंत्र प्रभार वाले मंत्रियों में बीरबाहा हांसदा और बिप्लब रॉय चौधरी ने शपथ ली। वहीं, तजमुल हुसैन और सत्यजीत बर्मन राज्य मंत्री बनाए गए हैं।
यह भी पढ़ें- TMC ने बाबुल सुप्रियो को बनाया राष्ट्रीय प्रवक्ता, ममता बनर्जी के प्रति जताया आभार
गौरतलब है कि ममता सरकार में कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ लेने वालों में एक बड़ा नाम बाबुल सुप्रियो हैं। सुप्रियो पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा सांसद रहे हैं। जिन्होंने पिछले साल केंद्रीय मंत्रिमंडल से हटाए जाने के बाद भाजपा छोड़ी और टीएमसी में शामिल हो गए। वह अब कोलकाता के बालीगंज विधानसभा क्षेत्र से सत्तारूढ़ पार्टी के विधायक हैं।
बता दें कि शिक्षक घोटाला मामले में प्रवर्तन निदेशालय द्वारा ममता सरकार में वरिष्ठ मंत्री पार्थ चटर्जी की गिरफ्तारी के बाद पश्चिम बंगाल की राजनीति गर्मा गई है। तमाम विरोध के बीच ममता बनर्जी ने तीसरी बार सत्ता में आने बाद पहली बार मंत्री परिषद में फेरबदल किया है।




















