डॉक्‍टर से रेप व हत्‍या के मामले पर अखिलेश ने कहा, भाजपा के पास हर घटना से राजनीतिक लाभ लेने और दूसरों को बदनाम करने का हुनर

अखिलेश यादव
मीडिया से बात करते अखिलेश यादव।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शुक्रवार को स्वतंत्रता सेनानी महारानी अवंतीबाई लोधी की जयंती पर उनकी प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए। इस दौरान आज एक बार फिर भाजपा पर हमला बोलते हुए सपा मुखिया ने ’’कोलकाता में डॉक्‍टर के साथ दुष्कर्म और हत्या से जुड़े मामले पर भाजपा नेताओं के बयान व आरोपों पर कहा कि, ‘‘भाजपा में हर घटना पर राजनीति करने का हुनर है। साथ ही कहा हर घटना से राजनीतिक लाभ लेने और दूसरों को बदनाम करने का भी हुनर है।’’

मीडिया से बातचीत में अखिलेश ने आगे कहा, ‘‘देश भर में किसी भी महिला के साथ कोई भी घटना दुखद है। इसके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। ममता बनर्जी खुद एक महिला मुख्यमंत्री हैं और वह कार्रवाई करेंगी, लेकिन भाजपा के लोग राजनीति कर रहे हैं।’’

उपचुनाव में जनता भाजपा को हराएगी

वहीं उत्तर प्रदेश में आगामी उपचुनाव के बारे में पूछे गए सवाल पर अखिलेश ने दावा किया, ‘‘जब भी उपचुनाव होंगे, जनता भाजपा को हराएगी। यह अधिकारियों के माध्यम से चुनाव जीतना चाहते हैं, इसकी शिकायत समाजवादी पार्टी निर्वाचन आयोग से करेगी।’’

यह भी पढ़ें- डॉक्‍टर से रेप व हत्‍या पर मायावती ने कहा, संवेदनशील व्यवस्था बनाने के साथ ही दोषियों पर सख्‍त कार्रवाई जरूरी

अखिलेश ने आरोप लगाया, ‘‘हम यह नहीं भूल सकते कि भाजपा ने चुनावों में किस तरह काले धन का इस्तेमाल किया है। भाजपा भ्रष्ट लोगों और जुमलेबाजों का समूह बन गई है।’’ उन्होंने कहा कि देश के सामने सबसे बड़ा सवाल यह है कि महंगाई कम हो और बेरोजगारों को रोजगार मिले।

यह भी पढ़ें- बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों पर रहे हमलों पर बोलीं प्रियंका, किसी भी सभ्य समाज में भेदभाव व हिंसा अस्वीकार्य