महिला को न्याय न मिलने से फूटा BKU का गुस्सा, पुलिस कमिश्‍नर ऑफिस का घेरावकर की नारेबाजी

भाकियू
प्रदर्शन करते भाकियू कार्यकर्ता।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। हाल ही में गुडंबा थाना क्षेत्र में एक महिला किसान पर स्थानीय लोगों ने रात में हमला कर दिया, जिसकी शिकायत के बाद भी पुलिस कार्रवाई न होता देख भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) का गुस्सा फूट पड़ा। बुधवार को भाकियू के कार्यकर्ताओं ने पुलिस कमिश्‍नर ऑफिस का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। भाकियू के अध्यक्ष कमलेश यादव की अगुवाई में सैकड़ों किसानों ने पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और आरोप लगाया कि किसानों की समस्याओं को पुलिस लगातार नजरअंदाज कर रही है।

प्रदर्शन के दौरान कमलेश यादव ने मीडिया से बातचीत में बताया कि हाल ही में गुडंबा थाना क्षेत्र में एक महिला किसान पर स्थानीय लोगों ने रात में हमला कर दिया, जिससे महिला को गंभीर चोटें आई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि घटना की जानकारी देने के बावजूद स्थानीय पुलिस ने पीड़िता की शिकायत को दर्ज नहीं किया और उसे थाने से टरका दिया गया। पीड़ित महिला कई दिनों से न्याय की गुहार लगा रही है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है।

साथ ही कहा कि हमने इस घटना का वीडियो फुटेज पुलिस के आला-अधिकारियों को सौंप दिया है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। ये केवल एक मामला नहीं है, बल्कि आए दिन किसानों के साथ हो रहे अन्याय का यह एक उदाहरण भर है। पुलिस न सिर्फ कार्रवाई से बच रही है, बल्कि आरोपितों को संरक्षण दे रही है। यह बेहद शर्मनाक है कि किसानों के ऊपर अत्याचार बढ़ता जा रहा है, पुलिस मूकदर्शक बनी है। यह हमले दर्शाते हैं कि यूपी में लॉ एंड ऑर्डर की क्या स्थिति है?

यह भी पढ़ें- प्रदर्शन कर किसानों ने कहा, सरकार ने सिर्फ कागजों पर की आय दोगुनी, जमीनी हकीकत अलग

भारतीय किसान यूनियन की मांग है कि इन मामलों में जांच करके आरोपितों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। जो थाना अध्यक्ष लापरवाही कर रहे हैं उनके खिलाफ भी सख्त कदम उठाया जाए। भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं पर रोक लगाई जाए। इस दौरान प्रदर्शन कर रहे भारतीय किसान यूनियन ने चेतावनी दी कि अगर जल्द ही दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई और किसानों को न्याय नहीं मिला, तो संगठन मुख्यमंत्री आवास घेरेंगे।

यह भी पढ़ें- महापंचायत में बोले राकेश टिकैत गलत तरीके से बिल पास कर किसानों को बर्बाद कर रही बीजेपी सरकार, देश में बनाया जा रहा डर का माहौल