युवा कॉन्क्लेव में बोले सीएम योगी, अब सरकार युवाओं को उद्यमी बनने में कर रही मदद

ओडीओपी
कार्यक्रम को संबोधित करते सीएम योगी।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। 2017 के पहले यूपी का बाजार त्योहारों पर चीन के सामान से पटा हुआ था। आज चीन के उत्पाद से ज्यादा ओडीओपी (एक जिला एक उत्पाद) का उत्पाद बिक रहा है। 2017 के पहले भी प्रदेश में ओडीओपी बड़े पैमाने पर थे, लेकिन तब उस समय की सरकारें नहीं समझ पाईं, क्योंकि उनके लिए परिवारवाद ही सर्वोपरि था। वो लोग लगातार प्रदेश के एमएसएमई उद्योगों को बंद करने की साजिश का हिस्सा बन गए थे, पर अब सरकार युवाओं को उद्यमी बनने के लिए मदद कर रही है।

ये बातें लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित युवा कॉन्क्लेव में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कार्यक्रम को संबोधित कर कही। सीएम योगी ने कहा कि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना अब युवाओं के लिए जॉब लेने नहीं, बल्कि देने का माध्यम बन गई है। सक्सेस स्टोरी सुनकर बहुत अच्छा महसूस हुआ। एक ऐसी स्कीम, जिसका ब्याज और गारंटी सरकार दे रही है. दस फीसदी मार्जिन मनी का लाभ भी सरकार दे रही है। इसी का परिणाम है कि 2751 करोड़ रुपए 68000 युवाओं को दिए गए। ये यूपी का पोटेंशियल है। ऐसे लाखों युवा यूपी में हैं, जो अलग-अलग सेक्टर में काम कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें- योगी की कैबिनेट में महिलाओं को जमीन पर स्टांप शुल्क में छूट के साथ कई प्रस्ताव पास

मुख्यमंत्री ने कहा कि विश्विद्यालय टापू जैसा बन गए। उन्हें स्टेट और सेंट्रल की योजनाओ की जानकारी नहीं होती. वहां से निकला युवा चौराहे पर खड़ा होकर असमंजस में होता है फिर बिना जानकारी के लोन लेता है, लेकिन ज्ञान न होने के कारण कर्ज के बोझ तले दब जाता है, जिनके पास ज्ञान होता है, उनके पास पैसा नहीं होता। ऐसी सभी समस्याओं का समाधान सीएम युवा योजना है। विश्विद्यालय के साथ एमओयू इसीलिए किए गए हैं कि वहां पढ़ रहे बच्चों को राज्य और केंद्र के योजनाओं का लाभ मिल सके।

इसके पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने युवा कॉन्क्लेव का शुभारंभ किया। ये दो दिवसीय युवा कॉन्क्लेव प्रदेश के लाखों युवाओं के लिए उद्यमिता के द्वार खोलेगा। इसमें फ्रेंचाइजी, वित्तीय संस्थाएं, औद्योगिक ब्रांड्स, नीति निर्माता, प्रशिक्षक और निवेशक एक ही मंच पर मौजूद रहेंगे।

यह भी पढ़ें- कारगिल दिवस पर शहीदों को याद कर CM योगी का ऐलान, अग्निवीर को यूपी पुलिस में मिलेगा 20 प्रतिशत आरक्षण