आरयू ब्यूरो, लखनऊ। यूपी की स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर आम आदमी पार्टी ने योगी सरकार पर हमला बोला है। आप के प्रदेश प्रवक्ता वंशराज दुबे ने शुक्रवार को कहा कि उत्तर प्रदेश में शहर से लेकर गांव तक स्वास्थ्य व्यवस्था की हालत पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। अस्पताल भी अब इलाज के केंद्र नहीं, बल्कि मौत के अड्डे बन चुके हैं।
आज गोमतीनगर स्थित आप कार्यालय में प्रेसवार्ता करते हुए वंशराज ने कहा मोहनलालगंज सीएचसी में ऑपरेशन से प्रसव के बाद महिला की हालत बिगड़ने पर परिजनों को इलाज के लिए दर-दर भटकना पड़ा, लेकिन लखनऊ के चार बड़े सरकारी अस्पतालों में भी इलाज न मिलने से प्रसूता की मौत हो गई। ये घटना उत्तर प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं की भयावह सच्चाई को उजागर करती है, जहां गर्भवती महिला को समय पर इलाज न मिलने से जान गंवानी पड़ी। ये हादसा योगी सरकार की खोखली स्वास्थ्य व्यवस्था पर सबसे बड़ा सवालिया निशान है।
हमला जारी रखते हुए आप प्रवक्ता ने कहा कि जब सूबे की राजधानी के सरकारी अस्पतालों में स्वास्थ्य व्यवस्था का ये हाल है, तो जरा सोचिए कि ग्रामीण इलाकों में स्वास्थ्य सेवाओं का हाल कैसा होगा? उन्होंने कुछ जिलों के अस्पताल का जिक्र कर कहा कि सुल्तानपुर के बीरसिंहपुर स्थित सेमरी बाजार में 27 करोड़ की लागत से बने अस्पताल में 13 चिकित्सकों की तैनाती है, लेकिन सच्चाई ये है कि मौके पर एक भी चिकित्सा उपस्थित नहीं है।
यह भी पढ़ें- पटरी से उतरीं यूपी की स्वास्थ्य सेवाएं, डिप्टी सीएम कर रहें सिर्फ बैठकें: AAP
मेरठ मेडिकल कॉलेज की हालत ये है कि एक-एक बेड पर पांच-पांच मरीज लिटाए जा रहे हैं, आयुष्मान वार्ड में न दवा है, न पानी, न चादर है। अलीगढ़ के दीनदयाल उपाध्याय अस्पताल में मरीजों को स्ट्रेचर तक नहीं मिल रहा है। मजबूर होकर बेटे को अपने पिता की लाश कंधे पर उठाकर ले जानी पड़ रही है। सोनभद्र के पीएचसी पर ताला बंद होने से गर्भवती महिला को गेट पर ही प्रसव करना पड़ा। योगी सरकार की स्वास्थ्य सेवाओं का यही असली चेहरा है।
स्वास्थ्य-व्यवस्थाओं को नहीं संभाल पा रही सरकार
वहीं हमला जारी रखते हुए आप नेता ने कहा कि अगर योगी सरकार उत्तर प्रदेश के स्वास्थ्य-व्यवस्थाओं को नहीं संभाल पा रही है तो अरविंद केजरीवाल जी से एक टीम बनवा लें जो यूपी के स्वास्थ्य-व्यवस्थाओं को बेहतर कर सके।
सरकार कर रही गरीबों के जीवन से खिलवाड़
सवाल उठाते हुए वंशराज ने कहा कि “योगी सरकार में डॉक्टर की कमी, दवाइयों की किल्लत, स्ट्रेचर तक का न मिलना ये बताता है कि यह सरकार गरीबों के जीवन से खिलवाड़ कर रही है। प्रदेश के मुख्यमंत्री दिल्ली और लखनऊ में बड़े-बड़े मंचों से ‘डबल इंजन’ का ढिंढोरा पीटते हैं, लेकिन सच्चाई ये है कि डबल इंजन सरकार की डबल लूट और डबल लापरवाही ने जनता को मरने के लिए छोड़ दिया है। मिर्जापुर में बिना पंजीकरण वाले पांच गुना से ज्यादा अस्पताल और पैथोलॉजी धड़ल्ले से चल रहे हैं, जबकि शासन-प्रशासन आंख मूंदकर बैठा है। नकली इलाज से गरीबों की जान जा रही है। मुख्य प्रवक्ता ने कहा कि अगर यही हाल रहा तो आम आदमी पार्टी सड़क से सदन तक आंदोलन करेगी।




















