कैसरबाग मछली मंडी में विशालकाय पेड़ गिरने से बुजुर्ग की दबकर मौत, चार युवक घायल

पेड़ गिरा
पेड़ के नीचे दबे लोगों को रेस्क्यू करती पुलिस।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। कैसरबाग में आज एक दर्दनाक हादसा उस समय हुआ जब मछली मंडी में पुराना पीपल का पेड़ अचानक गिर गया। इस र्दुघटना में एक बुजुर्ग की दबकर मौत हो गयी, जबकि चार युवक घायल हो गए। सूचना पर नगर निगम, प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू कराया। सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया।

मिली जानकारी के मुताबिक, लाटूश रोड पर जहां मछली मंडी लगती है, वहीं पर दोपहर को पीपल का पुराना और विशालकाय पेड़ अचानक गिर गया। जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।जिस समय पेड़ गिरा, उसके नीचे कई लोग थे। पेड़ गिरने से लोगों के साथ आस-पास के मकान और दुकान भी क्षतिग्रस्त हो गए। घटना की सूचना मिलने ही मौके पर स्थानीय पुलिस फायर ब्रिगेड की टीम तथा अन्य रेस्क्यू की टीमें मौके पर पहुंची।

इस दौरान डालों को काटकर पेड़ के नीचे दबे लोगों को बाहर निकाला गया। जिसके बाद गंभीर रूप से घायल पांच लोगों को बाहर निकाल कर एंबुलेंस के जरिए इलाज के लिए बलरामपुर अस्पताल भेजा गया है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया है कि पेड़ करीब 150 साल पुराना था। सोमवार की पूरी रात बारिश होने के बाद ये घटना हुई है। पेड़ की टहनियों ने आसपास के घरों को भी क्षतिग्रस्त किया है। पेड़ के नीचे कई गुमटियां भी दबी हुई हैं।

इस संबंध में लखनऊ की मंडलायुक्त रोशन जैकब ने बताया कि हादसे में घायल पांच लोगों को अस्पताल भेजा गया है, जिनमें से एक की मौत हो चुकी है। मौके पर एसडीआरएफ और नगर निगम की टीमें मौजूद रहकर राहत-बचाव कार्य में जुटीं। उन्होंने कहा कि मलबा हटाने और लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।

यह भी पढ़ें- मौसम ने फिर ली करवट, यूपी के 18 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी

वहीं मौके पर पहुंचे जिलाधिकारी विशाख जी अय्यर ने बताया कि इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई है और चार लोग घायल हैं, जिन्हें इलाज के लिए बलरामपुर अस्पताल भेजा गया है। रेस्क्यू टीम लगातार कार्य कर रही है। डीएम ने बताया कि हादसा जहां, हुआ है, वहां पर मछली मंडी लगती है। स्थानीय लोगों ने पुराने पेड़ और भवनों के बारे में बताया है। इन पुराने भवन और पेड़ों को नगर निगम की टीम के साथ सर्वे कर चिन्हित कर कार्रवाई की जाएगी। डीएम ने बताया कि अभी कोई भी पेड़ के नीचे नहीं दबा है। फायर विभाग की टीम ने पूरी तरह से जांच कर ली है।

वहीं पुलिस के अनुसार हादसे में अलीगंज त्रिवेणीनगर निवासी 70 वर्षीय रामू देवनाथ की मौत हुई है। इसके अलावा कैसरबाग इलाके के निवासी तीन व मलिहाबाद क्षेत्र का एक युवक दबने से घायल हुआ है। चारों ही घायल युवकों बलरामपुर अस्‍पताल में इलाज चल रहा है।

यह भी पढ़ें- चलती रोडवेज बस पर गिरा पेड़, चार महिला टीचर समेत पांच की मौत, बाराबंकी में हुआ दर्दनाक हादसा