मुंबई से दिल्ली आ रही इंडिगो की फ्लाइट को मिली बम उड़ाने की धमकी, दिल्ली एयरपोर्ट पर हड़कंप

फ्लाइट में बम

आरयू वेब टीम। दिल्ली एयरपोर्ट पर मंगलवार को मुंबई से दिल्ली आई इंडिगो की फ्लाइट 6ई 762 को बम से उड़ाने की धमकी मिली। जिसकी जानकारी लगते ही हड़कंप मच गया। सूचना मिलने के बाद दिल्ली एयरपोर्ट पर सतर्कता बढ़ा दी गई और विमान की लैंडिंग के समय सभी सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन किया गया, हालांकि जांच में ऐसी कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।

मिली जानकारी के मुताबिक दिल्ली एयरपोर्ट पर मंगलवार को इंडिगो की एक फ्लाइट को बम से उड़ाने की धमकी दी गई। ये काॅल सुबह आठ बजे के करीब आया, जिसमें कहा गया कि मुंबई से दिल्ली आने वाली फ्लाइट 6E 762 में बम है। इसके बाद एयरपोर्ट में इमरजेंसी घोषित कर दी गई, हालांकि फ्लाइट की जांच की गई तो ऐसा कोई भी खतरा नहीं मिला। सिक्योरिटी क्लीयरेंस के बाद फ्लाइट को दोबारा उड़ने की अनुमति दी गई। इस फ्लाइट में करीब 200 यात्री सवार थे।

बताया जा रहा है कि फ्लाइट कुछ समय पहले ही मुंबई से आकर लैंड हुई थी और दूसरी उड़ान के लिए तैयार थी। इंडिगो के प्रवक्ता ने कहा, “मुंबई से दिल्ली जाने वाली इंडिगो की उड़ान 6ई 762 में सुरक्षा खतरा देखा गया। स्थापित प्रोटोकॉल का पालन करते हुए, हमने संबंधित अधिकारियों को तुरंत सूचित किया और विमान को उड़ान भरने की अनुमति देने से पहले आवश्यक सुरक्षा जांच में उनका पूरा सहयोग किया। हमने अपने यात्रियों की असुविधा को कम करने के लिए हरसंभव प्रयास किया है, जिसमें उन्हें जलपान उपलब्ध कराना और नियमित अपडेट शेयर करना शामिल है। हमेशा की तरह, हमारे यात्री, पायलट और विमान की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।”

यह भी पढ़ें- एयर इंडिया की फ्लाइट में बम की सूचना से हड़कंप, आधे रास्ते से मुंबई लौटा प्लेन

हालांकि, जांच के बाद यह पता चला कि यह धमकी ‘नॉन-स्पेसिफिक’ यानी स्पष्ट रूप से किसी सटीक खतरे की ओर इशारा नहीं कर रही थी। बावजूद इसके, किसी भी प्रकार की चूक से बचने के लिए सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे प्रोटोकॉल के तहत कार्रवाई की। जांच पूरी होने तक एयरपोर्ट पर सुरक्षा बढ़ा दी गई थी।

यह भी पढ़ें- अब दिल्ली से लंदन जा रही विस्तारा फ्लाइट में बम की धमकी, यात्रियों में हड़कंप