आरयू ब्यूरो, लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को लखनऊ में एफआइएच हॉकी पुरुष जूनियर विश्व कप 2025 की प्रतिष्ठित ट्रॉफी का स्वागत किया। साथ ही कहा कि ये यूपी और प्रदेश वासियों के लिए गर्व का क्षण है। इस बार जूनियर हॉकी वर्ल्ड कप में भारत सहित 24 टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिनमें चीन, बेल्जियम, जापान, स्पेन, न्यूजीलैंड, चिली, कनाडा और ऑस्ट्रेलिया जैसे देश शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ट्रॉफी का उत्तर प्रदेश आगमन राज्य के स्वर्णिम हॉकी इतिहास की याद दिलाता है। साथ ही कहा कि हॉकी इंडिया में यूपी का योगदान अविस्मरणीय है। सीएम ने हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद को याद करते हुए कहा कि उन्होंने उत्तर प्रदेश की धरती पर जन्म लिया था और उनके नेतृत्व में भारतीय टीम ने तीन ओलंपिक में गोल्ड मेडल जीते थे। योगी ने बताया कि राज्य सरकार मेरठ में मेजर ध्यानचंद स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी का निर्माण करा रही है और इस वर्ष से इसका पहला सत्र प्रारंभ हो चुका है।
मुख्यमंत्री ने केडी सिंह बाबू का भी उल्लेख किया, जो उत्तर प्रदेश में जन्मे महान हॉकी खिलाड़ी थे। उन्होंने बताया कि बाराबंकी स्थित उनके निवास को अब एक स्मृति संग्रहालय (म्यूज़ियम) के रूप में विकसित किया जा रहा है, ताकि उनकी विरासत नई पीढ़ी को प्रेरित करे। साथ ही कहा कि उत्तर प्रदेश ने कई ऐसे हॉकी खिलाड़ी दिए हैं जिन्होंने देश को गौरवान्वित किया है।
उन्होंने पद्म पुरस्कार से सम्मानित खिलाड़ियों- मोहम्मद शाहिद, अशोक कुमार, रवींद्र पाल, सैयद अली, डॉ. आरपी सिंह, सुजीत कुमार, अब्दुल अजीज, सुबोध खांडेकर, रजनीश मिश्रा, मोहम्मद शकील, देवेश चौहान, एमपी सिंह, जगवीर सिंह, राहुल सिंह, विवेक सिंह, ललित उपाध्याय, दानिश मुतजबा, राजकुमार पाल, प्रेम माया, रंजना श्रीवास्तव, मंजू बिष्ट, पुष्पा श्रीवास्तव और प्रीति दुबे के योगदान को याद किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज भी उत्तर प्रदेश के खिलाड़ी राजकुमार पाल, उत्तम सिंह, विष्णुकांत सिंह, मुमताज, साक्षी, ज्योति और पूर्णिमा भारतीय हॉकी की सीनियर और जूनियर टीमों में चयनित होकर राज्य और देश का नाम ऊंचा कर रहे हैं।
योगी ने जूनियर हॉकी वर्ल्ड कप 2025 से जुड़े सभी पदाधिकारियों का लखनऊ में स्वागत किया और टूर्नामेंट के सफल आयोजन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने भारतीय टीम को प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के लिए मंगलकामनाएं भी दीं।
यह भी पढ़ें- वंदे मातरम की 150वीं वर्षगांठ पर बोले CM योगी, राष्ट्र सर्वोपरि, कर्तव्यों की याद दिलाता है ये गीत
समारोह में खेल एवं युवा कल्याण मंत्री गिरीश चंद्र यादव, खेल विभाग के सचिव सुहास एल वाई वी, निदेशक डॉ. आरपी सिंह, हॉकी इंडिया के महासचिव भोलानाथ सिंह, डीजी हॉकी इंडिया कमांडर आरके श्रीवास्तव, उत्तर प्रदेश हॉकी महासचिव रजनीश कुमार मिश्रा, अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी ललित उपाध्याय समेत समारोह में अन्य अधिकारी और खिलाड़ी उपस्थित रहे।




















