अबू सलेम को सुप्रीम कोर्ट से झटका, मुंबई ब्लास्ट केस में समय से पहले रिहाई की मांग वाली याचिका खारिज

सुप्रीम कोर्ट

आरयू वेब टीम। 1993 के मुंबई सीरियल बम ब्लास्ट मामले में उम्रकैद की सजा काट रहे गैंगस्टर अबू सलेम को सुप्रीम कोर्ट से बड़ा झटका लगा है। सुप्रीम कोर्ट ने उसकी समय से पहले रिहाई की मांग वाली याचिका खारिज कर दी है। सुप्रीम कोर्ट के इस फैसले के बाद फिलहाल अबू सलेम की जेल से जल्द रिहाई की उम्मीद खत्म हो गई है।

अबू सलेम की तरफ से कहा गया था कि सजा में मिलने वाली छूट को जोड़ने पर उसने 25 साल की सजा पूरी कर ली है, इसलिए उसे रिहा किया जाए। हालांकि, बॉम्बे हाई कोर्ट ने कहा था कि उसकी याचिका समय से पहले दायर की गई है। उसकी 25 साल की अवधि 2030 में पूरी होगी। कोर्ट ने सलेम की याचिका को समय से पहले और गलत धारणा पर आधारित बताया था।

अबू सलेम ने हाई कोर्ट के आदेश को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी। सुप्रीम कोर्ट ने अपने फैसले में बॉम्बे हाई कोर्ट के फैसले को सही माना है। आपको बता दें कि इससे पहले सुप्रीम कोर्ट ने फरवरी महीने में भी अबू सलेम की याचिका को खारिज कर दिया था।

अबू सलेम ने अपनी याचिका में दलील दी थी कि पुर्तगाल से उसके प्रत्यर्पण की शर्तों के तहत भारत में जेल में उसके 25 वर्ष पूरे हो चुके हैं। दरअसल भारत और पुर्तगाल के बीच हुए प्रत्यर्पण समझौते की शर्तों के अनुसार, अबू सलेम को मौत की सजा नहीं दी जा सकती और उसकी जेल की सजा 25 साल से अधिक नहीं हो सकती।

यह भी पढ़ें- पेट्रोल पंपों पर इथेनॉल प्रतिशत बताना अनिवार्य करने की याचिका को सुप्रीम कोर्ट ने किया खारिज

बता दें कि 12 मार्च 1993 को मुंबई में एक के बाद एक 12 बड़े बम धमाके हुए थे। इन धमाकों में 250 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई थी और करीब 700 से ज्यादा लोग घायल हुए थे। इस मामले में अबू सलेम को साल 2005 में पुर्तगाल से प्रत्यर्पित किया गया था। अबु सलेम को कोर्ट ने मुंबई ब्लास्ट में शामिल होने के लिए आजीवन कारावास की सजा दी थी।

यह भी पढ़ें- जंक फूड पर सुप्रीम कोर्ट सख्त, मोदी सरकार को पैकेट के सामने चेतावनी लेबल लगाने का अल्टीमेटम