प्राइवेट स्कूल में जहरीली गैस लीक से मचा हड़कंप, 16 बच्चियों की बिगड़ी तबीयत, अस्पताल में भर्ती

स्कूल में हड़कंप
बच्चों का अस्पताल में इलाज करते डाक्टर।

आरयू वेब टीम। हरदोई जिले में गुरुवार को एक प्राइवेट स्कूल में उस समय हड़कंप मच गया, जब अचानक जहरीली गैस के फैलने 16 छात्राओं की तबीयत बिगड़ गई। जिसके बाद स्कूल प्रशासन ने इसकी सूचना पुलिस को दी और आनन-फानन में सभी बच्चों को अस्पताल ले जाया गया।

मिली जानकारी के अनुसार ये मामला हरदोई जिले की संडीला तहसील के सामने स्थित लायंस पब्लिक स्कूल का है। जहां गैस लीक होने के बाद एकाएक ये स्कूल में फैल गई। गैस इतनी जहरीली थी कि बच्चे उसके प्रभाव में आकर बेहोश होने लगे। साथ ही बच्चों को सांस लेने में भारी दिक्कत होने लगी, जिससे स्कूल में भगदड़ जैसे हालात पैदा हो गए।

बताया जाता है कि कुछ बच्चों को खांसी और उल्टी भी होने लगी। इस स्थिति में स्कूल के शिक्षकों ने बच्चों को बाहर निकाला। उनमें से 15 से अधिक बच्चों को तुरंत अस्पताल के लिए भेजा गया। बच्चों के अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने जांच शुरू की। इसी बीच, घटना के बारे में अभिभावकों को भी सूचना दी गई। बच्चों की तबीयत बिगड़ने की खबर सुनकर अभिभावक अस्पताल के बाहर जुट गए।

हरदोई पुलिस ने घटना के संबंध में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में लिखा, “थाना संडीला क्षेत्रांतर्गत एक स्कूल में किसी गैस रिसाव के कारण स्कूल के छात्रों के बेहोश होने के उपरांत प्रभावित छात्रों को चिकित्सालय में भर्ती कराया गया। जिलाधिकारी और एसपी की ओर से स्कूल का निरीक्षण कर चिकित्सालय पहुंचकर छात्रों से मिलकर चिकित्सकों को उनके बेहतर उपचार के निर्देश दिए गए।”

यह भी पढ़ें- CM योगी का ऐलान, यूपी के स्कूलों में वंदे मातरम करेंगे अनिवार्य, कांग्रेस पर भी बोला हमला

जिलाधिकारी ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि हमने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर डॉक्टरों से जानकारी ली। लगभग 16 छात्राएं थीं, जिनकी तबीयत बिगड़ी। एक बच्ची को दूसरे अस्पताल में रेफर किया गया है। उन्होंने कहा कि अस्पताल के बाद वे स्कूल जाएंगे और जांच पड़ताल के बाद मामले में उचित कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें- DPS सहित कई स्कूलों को मिली बम ब्लास्ट की धमकी, मचा हड़कंप