महापरिनिर्वाण दिवस पर CM योगी का ऐलान, बाबा साहब की प्रतिमाओं के आस-पास बनेगी बाउंड्री वॉल

महापरिनिर्वाण दिवस
भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर नमन करते सीएम योगी।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। डॉ. भीमराव आंबेडकर के महापरिनिर्वाण दिवस पर शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ स्थित आंबेडकर महासभा कार्यालय में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में हिस्सा लिया। जहां बाबा साहब की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर नमन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने राज्य में मौजूद आंबेडकर प्रतिमाओं की सुरक्षा को लेकर बड़ा ऐलान किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अक्सर शरारती तत्वों द्वारा बाबा साहब की मूर्तियों के साथ छेड़छाड़ की जाती है, जिसे रोकने के लिए सरकार अब हर प्रतिमा के चारों ओर सुरक्षा बाउंड्री वॉल बनवाएगी। जहां जरूरत होगी, वहां प्रतिमाओं पर छत भी बनाई जाएगी।

साथ ही योगी ने कहा कि आज वंचित वर्गों को जो सुविधाएं और सम्मान मिल रहे हैं, वह डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रेरणा का परिणाम है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ‘नए भारत’ की दिशा में बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि पंचतीर्थ निर्माण, अनुसूचित जाति एवं जनजाति के छात्रों के लिए नई छात्रवृत्तियां और अन्य कल्याणकारी योजनाएं बाबा साहब के समानता और आत्मसम्मान के विचारों को आगे बढ़ा रही हैं।

इस दौरान सपा और अखिलेश यादव पर हमला बोलते हुए योगी ने कहा कि ये शुरू से ही आरक्षण और दलितों के मसीहा बाबा साहब के विरोधी रहे हैं। साथ ही आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री रहते अखिलेश ने दलित कर्मचारियों के प्रोन्नति में आरक्षण खत्म किया और दो लाख दलित कर्मियों को अपमानित किया। योगी ने कहा कि अब सपा केवल वोट के लिए बाबा साहब का नाम ले रही है।

यह भी पढ़ें- बोले सीएम योगी, सिर्फ अधिकारों का ग्रंथ नहीं, कर्तव्यों का दायित्व भी है भारत का संविधान

कार्यक्रम के दौरान डॉ. लालजी प्रसाद निर्मल द्वारा संविदा सफाई कर्मियों की समस्या उठाई गई। इस पर सीएम योगी ने कहा कि सरकार पहले ही निर्णय ले चुकी है और नया कॉरपोरेशन गठित हो चुका है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि एक–दो महीनों में हर चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी और संविदा कर्मी को न्यूनतम मानदेय सुनिश्चित किया जाएगा। सीएम योगी ने इसे सामाजिक न्याय की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

यह भी पढ़ें- दिव्यांग दिवस पर बोले CM योगी, शारीरिक बनावट नहीं करती क्षमता का निर्धारण