सात बसों समेत दस वाहनों की भिड़ंत में लगी आग, 13 यात्रियों की दर्दनाक मौत, सैकड़ों घायल, मथुरा में हुआ दहला देने वाला हादसा

बसों की भिड़ंत
हादसे में क्षतिग्रस्त बसें।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ/मथुरा। यमुना एक्सप्रेस वे पर मंगलवार तड़के भीषण सड़क हादसा हो गया। सात बसों और तीन कारों में हुई भयानक भिड़त के बाद बसों में आग लग गई जिसमें जलकर 13 यात्रियों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि सौ से अधिक यात्री घायल हो गए, जिनमें से 25 घायलों को भर्ती कराने की बात पुलिस ने स्‍वीकारी है।

भिड़ंत इतनी भयावह थी कि उनमें से कई वाहनों में आग लग गई। आग की लपटें उठते ही बसों में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। यात्रियों ने जैसे-तैसे खिड़कियां तोड़कर एक दूसरे को बचाने की कोशिश की। साथ ही पुलिस और एंबुलेंस के लिए इसकी सूचना दी गयी। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों की मदद से घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। आग बुझाने के बाद पुलिस बसों के अंदर पहुंची तो वहां का हाल देख लोग भी सहम गयें कई शव इतनी बुरी तरह से जल गये थे उनके कई हिस्‍से अलग हो चुके थे।

मिली जानकारी के मुताबिक मथुरा में यमुना एक्सप्रेस वे पर मंगलवार भोर में करीब चार बजे बलदेव थाना क्षेत्र में 127 किलोमीटर माइलस्टोन के पास भीषण कोहरे के कारण सात बस और तीन कार एक के बाद एक जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कई वाहनों में धमाके के साथ आग लग गई। आग की लपटें उठते ही बसों में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। इस भीषण सड़क हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि सौ से अधिक यात्री घायल हो गए।

हादसे की सूचना पर पुलिस, दमकल विभाग और यमुना एक्सप्रेस वे प्राधिकरण की टीमें मौके पर पहुंचीं। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया और घायलों को वाहनों से बाहर निकाला गया। घायलों को जिला अस्पताल मथुरा, 100 शैय्या अस्पताल वृंदावन में भर्ती कराया गया है, जबकि गंभीर रूप से घायलों को एसएन मेडिकल कॉलेज आगरा रेफर किया गया है। 38 लोग जिला अस्पताल में भर्ती हैं। जिनका उपचार चल रहा है।

समय पर आती फायर ब्रिगेड तो नहीं जाती इतनों की जान

इस भीषण हादसे के बाद अधिकारियों की लापरवाही भी सामने आयी है। एक प्रत्यक्षदर्शी यात्री ने मीडिया को बताया कि जिस समय हादसा हुआ वो जाग रही थी तभी अचानक से जोर का झटका लगा और उपर केबिन से एक बच्चा मेरी सीट पर आ गिरा। देखते ही देखते बस में आग लग गई। वहीं आनन-फानन में कुछ लोगों ने मुझे खिड़की से निकलने में मदद की। इस दौरान मैने कई बार पुलिस को फोन किया। अगर पुलिस और फायर ब्रिगेड समय पर आ जाती तो इतने लोगों की जान नहीं जाती।

यह भी पढ़ें- कुरनूल में बस से टकराई बाइक, लगी भीषण आग, जिंदा जलकर 20 यात्रियों की दर्दनाक मौत, कई घायल

कानपुर निवासी अमन यादव ने बताया कि वह अपने साथियों के साथ कार से बांके बिहारी मंदिर दर्शन के लिए जा रहे थे। घने कोहरे के कारण कुछ दिखाई नहीं दे रहा था। तभी अचानक सामने से आए वाहन ने उनकी कार में टक्कर मार दी और उसके बाद लगातार कई वाहन आपस में टकराते चले गए।

इस संबंध में मंडल आयुक्त शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया है कि चार शवों की पहचान हो गई है, अन्य के शिनाख्त के लिए टीम जुटी हुई है। फिलहाल घटना में प्रशासन ने दस लोगों के मरने की पुष्टि कर दी है, हालांकि बीस लोगों की जिन्दा जलकर मौत होने की जानकारी मिली है। वहीं एसएसपी मथुरा ने दोपहर तक 13 यात्रियों के मौत की पुष्टि की थीं, हालांकि हादसे की भयावहता को देखते हुए मरने वालों का आंकड़ा और ज्‍यादा होने की बात भी कही जा रही है।

यह भी पढ़ें- UP: प्राइवेट बस-ट्रक की भीषण टक्‍कर में लगी आग, तीन की मौत, 25 यात्री घायल