आरयू ब्यूरो, वाराणसी। वाराणसी के बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर रविवार को हड़कंप मच गया। जब एक यात्री के बैग से .32 बोर के छह जिंदा कारतूस मिले हैं। सुरक्षा में लगे सीआइएसएफ के जवानों ने यात्री को हिरासत में लेकर पुलिस को सौंप दिया। कारतूस मिलने की सूचना पर खुफिया एजेंसी भी सतर्क हो गई और थाने पहुंच कर जांच पड़ताल की। यात्री से थाने में पूछताछ की जा रही है।
रविवार को एयरपोर्ट सुरक्षा में लगे सीआईएसएफ के जवान यात्रियों का बैग चेक कर रहे थे। इस दौरान भुवनेश्वर नाथ तिवारी पुत्र बालनाथ तिवारी, निवासी ग्राम बरौधा, थाना कोतवाली कटरा, जनपद मिर्जापुर के हैंडबैग से छह कारतूस मिले। सीआइएसएफ ने तत्काल यात्री से पूछताछ की और मामले की सूचना स्थानीय पुलिस को दी।
यह भी पढ़ें- सोने की तस्करी में अरेस्ट एक्ट्रेस रान्या ने ADG को लेटर लिख लगाया DRI की हिरासत में मारपीट का आरोप
सीआइएसएफ द्वारा प्रारंभिक पूछताछ के बाद आरोपी को फूलपुर थाना पुलिस को सौंप दिया गया। यात्री के बैग से जिंदा कारतूस मिलने की सूचना पर सुरक्षा एजेंसियां भी अलर्ट हो गईं। सुरक्षा एजेंसियों द्वारा थाने में यात्री से पूछताछ की गई। जिसमें यात्री भुवनेश्वर नाथ तिवारी ने बताया, मैं एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट संख्या IX-1252 से नई दिल्ली जा रहा था। मेरे नाम से .32 बोर की लाइसेंसी पिस्टल आवंटित है और लाइसेंस से संबंधित कार्य के लिए पूर्व जिलाधिकारी मिर्जापुर सुशील पटेल से मिलने दिल्ली जा रहा था।
फूलपुर थानाध्यक्ष अतुल कुमार सिंह बताया, मामले की जांच जारी है और लाइसेंस व कारतूस से जुड़े दस्तावेजों की सत्यता की जांच की जा रही है। जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगा।




















