अब इन पार्कों व हरियाली के नाम पर अवस्‍थापना के सौ करोड़ खर्च करेगा LDA

अवस्‍थापना निधि

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। तरह-तरह के पार्क व हरियाली के नाम पर लखनऊ विकास प्राधिकरण खर्च के मुकाबले कमाई करने में भले ही फिसड्डी हो, लेकिन इनके नाम पर अपने खजाने का मुंह खोलने का कोई भी मौका प्राधिकरण के अफसर नहीं चूक रहे हैं। हाल के महीनों में प्राधिकरण के अलावा नगर निगम, पीडब्‍ल्‍यूडी व एनएचएआई की जिम्‍मेदारी वाले क्षेत्रों समेत शहरभर की हरियाली व पार्कों के नाम पर अरबों रुपये खर्च करने वाला एलडीए अब अवस्‍थपना विकास निधि के भी करीब सौ करोड़ रुपये इन्‍हीं कामों पर खर्च करने जा रहा। अवस्‍थापना निधि की बैठक में नये व पुराने पार्कों के अलावा कई जगाहों पर हरियाली लाने वाले कार्यों समेत 195 करोड़ के कामों को मंजूरी दी गयी है।

पार्क में बनेगी बर्ड एवियरी

एलडीए अध्‍यक्ष/मंडलायुक्‍त विजय विश्वास पंत की अध्यक्षता में आयोजित अवस्थापना विकास निधि की बैठक के बाद एलडीए वीसी प्रथमेश कुमार ने एक बयान जारी कर कहा है कि गोमती नगर में सहारा ग्रुप से खाली करायी गयी जमीन पर गोमती बायो-डायवर्सिटी पार्क विकसित किया जा रहा। इसे प्रकृति प्रेमियों के लिए और अधिक प्रभावशाली बनाने के उद्देश्य से यहां एक एकड़ में करीब इंटरैक्टिव बर्ड एवियरी विकसित की जाएगी। यहां विभिन्न प्रजातियों के पक्षियों के प्राकृतिक वास के अनुसार पेड़-पौधे लगाए जाएंगे। इसमें करीब दस करोड़ रुपये की लागत आयेगी।

यह भी पढ़ें- जिस पार्क की हरियाली पर LDA हर महीने खर्च कर रहा 54 लाख, निरीक्षण में उपाध्‍यक्ष को वही मिली बदहाली, ठेकेदार पर लगा जुर्माना, सुधरने को मिलें सात दिन

गोमतीनगर में लोटस पार्क भी बनेगा

एशिया के सबसे बड़े पार्क जनेश्‍वर मिश्र व लोहिया समेत सैकड़ों पार्क गोमतीनगर में होने के बाद अब प्राधिकरण कुछ नये पार्क बनाने जा रहा है। गोमती नगर में ग्वारी फ्लाईओवर के पास खाली पड़े ग्रीन बेल्ट पर आठ करोड़ रूपये की लागत से मिनी स्पोर्ट्स एरिया एलडीए बनायेगा। वहीं 8.5 करोड़ खर्च कर लोटस पार्क का विकास किया जाएगा। लोटस पार्क किस तरह का होगा इसका अभी एलडीए ने खुलासा नहीं किया है।

रिवर फ्रंट पर वंडर, तो अर्जुनगंज में पाण्‍डव पार्क

वहीं गोमती रिवर फ्रंट पर करीब छह करोड़ की लागत से वंडर पार्क का निर्माण कराया जाएगा, जोकि खासतौर से बच्चों के लिए होगा। इसके अलावा अर्जुनगंज में पांच करोड़ रूपये की लागत से पाण्डव पार्क विकसित किया जाएगा।

छह करोड़ से बनेगा संविधान पार्क

इसके अलावा हाई कोर्ट के पास लगभग छह करोड़ से संविधान पार्क बनाया जाएगा, जो आम लोगों को संविधान के प्रति जागरूक करेगा। इस पार्क में अशोक स्तम्भ, पैनल वॉल, इंडिया मैप, संसद की आकृति, म्यूरल व लैंडस्केप आदि के आकर्षक कार्य कराये जाएंगे।

यह भी पढ़ें- हैप्‍पीनेस नहीं, गौतम बुद्ध पार्क के नाम से फिर बिकने लगा प्रवेश टिकट, राजधानी अपडेट की खबर का हुआ असर

13 करोड़ से बनेगा इन्सेक्टोपीडिया पार्क, प्राइवेट कंपनी चलायेगी

इसी क्रम में कानपुर रोड योजना स्थित ईको-गार्डेन में पी.पी.पी. मोड पर इन्सेक्टोपीडिया पार्क बनाया जाएगा। लगभग 13 करोड़ की लागत से बनने वाले इस पार्क में जंगल ट्रेल होगी। साथ ही इन्सेक्ट्स की आकृति बड़े स्केल पर दर्शायी जाएगी। अपनी ही जमीन पर अवस्‍थापना के 13 करोड़ खर्च करने के बाद एलडीए इस पार्क को बनाकर किसी प्राइवेट कंपनी को चलाने के लिए सौंप देगा।

प्राइवेट कंपनी यानि, प्राधिकरण के लिये घाटे का सौदा

हालांकि पहले जिन पार्कों को एलडीए ने प्राइवेट कंपनियों को सौंपा है उनमें से लगभग सभी पार्कों से कम से कम प्राधिकरण के खजाने को तो नुकसान ही उठाना पड़ रहा है। हालात यहां तक खराब हैं कि प्राईवेट कंपनियों को सौंपे गये पार्कों की लागत और आमदनी को भी एलडीए के अधिकारी पूछने पर भी कभी सार्वजनिक नहीं करते।

गरीब जनता की पहुंच से दूर हुए PPP वाले पार्क

दूसरी ओर पीपीपी वाले फॉर्मूले के तहत प्राइवेट हाथों में पार्कों के जाने के बाद दस रुपये में मिलने वाला इंट्री टिकट का दाम सौ रूपये तक पहुंचने से यह पार्क शहर की गरीब जनता की पहुंच से लभगभ दूर जा चुके हैं। इसके अलावा इन पार्कों में प्राधिकरण के कर्मियों तक को पहले की तरह निशुल्‍क प्रवेश नहीं मिल पाता है।

यह भी पढ़ें- अब मोती पार्क संवारने में सात करोड़ खर्च करेगा एलडीए, अकबर नगर की तरह भीखमपुर में भी लाएगा हरियाली

उर्मिला वन पर बरसेगी वर्षा

वहीं इसके अलावा प्राधिकरण की ओर से बताया गया है कि नये पुराने पार्कों के अलावा उर्मिला वन के विकास के लिए भी अवस्थापना निधि से भारी भरकम बजट स्वीकृत किया गया है। इसी क्रम में अलीगंज के विभिन्न ग्रीन बेल्ट्स में भी प्राधिकरण करोड़ खर्च कर अपनी स्‍टाइल वाली हरियाली लायेगा।

यह भी पढ़ें- कुकरैल किनारे अब एलडीए बनाएगा उर्मिला वन, छोटे इमामबाड़े का गेट संवारने में खर्च करेगा छह करोड़

झील के पास भी आयेगी एलडीए वाली हरियाली

प्राधिकरण के अधिकारियों का कहना है कि बैठक में ऐशबाग स्थित सुप्पा झील का भी कायाकल्प करने का फैसला लिया गया है। लगभग 13 एकड़ क्षेत्रफल में फैली इस झील के संवर्धन व सौंदर्यीकरण के लिए 2.5 करोड़ रूपये स्वीकृत हुये हैं। जिससे हरियाली लाने के साथ ही बाउन्ड्रीवॉल व पाथ-वे बनाने का काम भी होगा।

ढाई सौ पार्कों में जिम स्‍थापित करेगा प्राधिकरण   

वहीं लखनऊ के अलग-अलग इलाकों में फैले करीब ढाई सौ पार्कों में एलडीए अवस्‍थपना निधि से ओपन जिम स्‍थापित करेगा। इससे पहले भी प्राधिकरण नगर निगम के क्षेत्र में आने वाले सैकड़ों पार्कों में करोड़ों रुपये खर्च कर ओपन जिम लगा चुका है।

यह भी पढ़ें- ग्रीन जोन बनें NHAI के शहीद पथ की हरियाली के नाम पर जनता के 43 करोड़ फूंकेगा LDA!, टेंडर भी कराया टुकड़ों में, उठ रहें सवाल

फैजुल्‍लागंज में बनेगा नाला, कमिश्‍नर ने चेताया

इसके अलावा फैजुल्लागंज क्षेत्र में सड़क व जल निकासी के लिए लगभग डेढ़ किलोमीटर लंबे नाले का निर्माण कराया जाएगा। हालांकि प्राधिकरण ने यह नहीं बताया है कि इसमें कितना खर्च आयेगा। वहीं बैठक में इस बारे में मंडलायुक्‍त  विजय विश्वास पंत ने जरूर प्राधिरकण के इंजीनियरों को चेताया कि कि नाले की लेवलिंग का विशेष ध्यान रखा जाए। साथ ही ड्रेन वॉटर के अंतिम निस्तारण के लिए कनेक्शन सुनिश्चित होना चाहिये।

चाइनीज झालर की आ सकती है बहार

इसके अलावा शहर के प्रमुख चौराहों व मार्गो पर प्रकाश व्यवस्था सुदृढ़ की जाएगी। संभव है कि प्रकाश व्‍यवस्‍था के नाम पर आपको लखनऊ की मुख्‍य सड़कों पर अयोध्‍या रोड व ग्रीन कॉरिडोर की तरह बिजली के पोल पर चाइनीज झालर चिपकवाते हुए एलडीए के इंजीनियर दिख जायें।

यह भी पढ़ें- कबाड़ वाली कलाकारी से LDA ने लखनऊ में शुरू कराया तीसरा पार्क,  मुख्‍य सचिव ने किया उद्घाटन, प्राइवेट कंपनी देगी आपको 100 से 30 रुपये में इंट्री

अवस्‍थापना निधि की बैठक में कमिश्‍नर व एलडीए वीसी के अलावा नगर आयुक्‍त गौरव कुमार, एलडीए के चीफ इंजीनियर मानवेंद्र सिंह समेत अन्‍य अफसर-अभियंता मौजूद रहें।

यह भी पढ़ें- जनेश्‍वर-लोहिया समेत एलडीए के 26 पार्कों में अब नहीं होगा सफाई का ठेका, करोड़ों के टेंडर की असलियत सामने आने पर उपाध्‍यक्ष ने लिया बड़ा फैसला