230 यात्रियों को ले जा रही इंडिगो फ्लाइट को मिली टिश्यू पेपर के जरिये बम की धमकी, लखनऊ एयरपोर्ट पर हुई इमरजेंसी लैंडिंग

लखनऊ एयरपोर्ट

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। दिल्ली से सिलीगुड़ी (बागडोगरा) जा रहे इंडिगो के एक विमान में बम होने की खबर से रविवार को हड़कंप मच गया। जिसके बाद फ्लाइट की आनन-फानन में लखनऊ के चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई।

मिली जानकारी के अनुसार, इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E 6650 ने दिल्ली से उड़ान भरी थी। उड़ान के दौरान विमान के टॉयलेट में एक टिश्यू पेपर मिला, जिस पर विमान में बम होने की धमकी लिखी हुई थी। जैसे ही क्रू को इसकी जानकारी मिली, पायलट ने तत्काल कंट्रोल रूम से संपर्क किया और लखनऊ में इमरजेंसी लैंडिंग की अनुमति मांगी।

यह भी पढ़ें- एयर इंडिया की फ्लाइट में तकनीकी खराबी आने से यात्रियों में मची अफरा-तफरी, वापस करानी पड़ी इमरजेंसी लैंडिंग

विमान के लैंड होते ही उसे आइसोलेशन बे में ले जाया गया। एसीपी रजनीश वर्मा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया, “फ्लाइट के टॉयलेट में एक टिश्यू पेपर पर बम होने का संदेश लिखा मिला था। विमान में 230 यात्री, दो पायलट और पांच क्रू मेंबर सवार थे। लखनऊ में विमान की सुरक्षित इमरजेंसी लैंडिंग करा ली गई है और सुरक्षा एजेंसियों द्वारा सघन तलाशी अभियान शुरू हुई।”

इस पूरे घटनाक्रम पर पुलिस एवं संबंधित एजेंसियों द्वारा सतत निगरानी रखी जा रही है। आगे की जांच एवं आवश्यक कार्रवाई की गयी, जिसके बाद शाम 4:40 पर फ्लाइट ने लखनऊ से बागडोगरा के लिये उड़ान भरी।

यह भी पढ़ें- हैदराबाद जा रही इंडिगो की फ्लाइट को तीन दिन में दूसरी बार मिली बम से उड़ाने की धमकी, करानी पड़ी इमरजेंसी लैंडिंग