लखनऊ-अयोध्या समेत 18 जिला अदालतों को बम से उड़ाने की धमकी से मची अफरा-तफरी

बम ब्लास्ट की धमकी
फाइल फोटो।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। देश के अलग-अलग हिस्सों में स्कूल- एयरपोर्ट व अन्य जगहों को बम से उड़ाने की मिल रही धमकी का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। आज एक बार फिर यूपी के लखनऊ समेत 18 जिलों में कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। जिसके बाद जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया और चारों तरफ अफरा-तफरी मच गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस और सुरक्षाबलों की टीम ने सघन तलाशी अभियान चलाया। साथ ही बम स्क्वॉयड टीम पूरे परिसर की जांच की।

मिली जानकारी के मुताबिक राजधानी लखनऊ, मेरठ, अयोध्या, वाराणसी, आजमगढ़, अमरोहा समेत 18 जिला अदालतों को ई-मेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी दी गई। ईमेल में दोपहर 12:15 बजे जिला अदालतों में विस्फोट करने की बात कही गई। सूचना मिलते ही पुलिस और न्यायालय प्रशासन अलर्ट हो गया। आनन-फानन में सभी कोर्ट परिसरों को खाली करा लिया गया है। साथ ही कोर्ट परिसर में सुरक्षा बढ़ाकर सघन चेकिंग शुरू की गई। मौके पर बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड की टीम भी पहुंच गई है जो सभी अदालत परिसरों की छानबीन कर चप्पे-चप्पे की तलाशी ली।

यह भी पढ़ें- अब वाराणसी कोर्ट को मिली बम से उड़ाने की धमकी, खाली कराया गया परिसर

बता दें कि दो दिन पहले भी यूपी की कई जिला अदालतों को इसी तरह बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी, हालांकि ये धमकी फर्जी निकली, जिसके बाद आज फिर से इस तरह धमकी मिलना बेहद चिंताजनक है। सूचना मिलने के बाद कोर्ट परिसर में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस ईमेल भेजने वाले की पहचान कर जांच में जुटी हुई है।

यह भी पढ़ें- राजधानी के स्कूलों को फिर मिली बम से उड़ाने की धमकी, मचा हड़कंप