आरयू वेब टीम। असम में विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस को तगड़ा झटका लगा है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और सांसद प्रद्युत बोरलोदोई ने कांग्रेस का हाथ छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए है। बोरदोलोई ने सीएम हिमंता बिस्वा सरमा के दिल्ली स्थित आवास पर भाजपा की सदस्यता ली।
मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने खुद जानकारी दी कि कांग्रेस के मौजूदा सांसद प्रद्युत बोरदोलोई अब भाजपा में शामिल हो गए हैं। प्रद्युत बोरदोलोई कोई नया नाम नहीं हैं, वे असम की राजनीति का एक अनुभवी चेहरा हैं और पूर्व मुख्यमंत्री तरुण गोगोई की सरकार में मंत्री भी रह चुके हैं। उनके पास अभी सांसद के तौर पर तीन साल का कार्यकाल बचा हुआ था, लेकिन उन्होंने चुनाव से ठीक पहले पाला बदलकर सबको चौंका दिया है।
सीएम हिमंत बिस्वा सरमा का कहना है कि प्रद्युत बोरदोलोई जैसे वरिष्ठ नेता के आने से भाजपा को राज्य में काफी मजबूती मिलेगी। उनकी जॉइनिंग को दिल्ली में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने भी मंजूरी दे दी थी। चुनाव के ठीक पहले एक सिटिंग सांसद का कांग्रेस छोड़कर आना यह बताता है कि पर्दे के पीछे सियासी समीकरण कितनी तेजी से बदल रहे हैं।
यह भी पढ़ें- असम कांग्रेस को बड़ा झटका, भूपेन बोरा भाजपा में शामिल, लगाए ये आरोप
असम में भाजपा ने भले ही अधिकांश सीटों पर उम्मीदवारों के नाम लगभग तय कर लिए हों, लेकिन बोरलोदोई और उनके बेटे के पार्टी में शामिल होने के बाद कुछ सीटों पर बदलाव की संभावना जताई जा रही है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, बोरदोलोई के प्रभाव वाले इलाकों में टिकट वितरण को लेकर नई रणनीति बनाई जा सकती है।




















