आरयू वेब टीम। आगरा में शुक्रवार भीषण सड़क हादसा हो गया है। श्रद्धालुओं से भरी बोलेरो अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई। जिसमें पांच श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों में एक महिला और एक तीन साल की बच्ची शामिल है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को इटावा के सैफई अस्पताल में भर्ती कराया। फिलहाल आगरा पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार आगरा के चित्राहाट थाना क्षेत्र के इटावा मार्ग पर पई के पास एक बोलेरो गाड़ी इटावा से लौट रही थी। अचानक से गाड़ी अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई। घटना इतनी भयंकर थी कि बोलेरो गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद मौके पर कोहराम मच गया। आस-पास के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए और पुलिस को दुर्घटना की सूचना दी गई। इस पर पुलिस टीम और एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं।
बताया गया है कि बोलेरो गाड़ी सवार लोग इटावा के रहने वाले थे। वे राजस्थान के केला देवी से दर्शन करके लौट रहे थे, तभी हासा हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय निवासियों ने बताया कि टक्कर की आवाज सुनकर गांव वाले और वहां से गुजर रहे लोग घटनास्थल पर पहुंचे और बचाव कर्मियों की मदद से पीड़ितों को क्षतिग्रस्त गाड़ी से बाहर निकाला।
यह भी पढ़ें- जौनपुर: भीषण सड़क हादसों में महाकुंभ के आठ श्रद्धालुओं की मौत, 40 से ज्यादा घायल
डीसीपी ईस्ट अभिषेक अग्रवाल ने बताया कि रात को पुलिस को सूचना प्राप्त हुई थी कि एक बोलेरो गाड़ी पेड़ से टकरा गई। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा चुका है। उन्होंने बताया कि शुरुआती जांच में पता चला है कि बोलेरो चालक को नींद आने के कारण यह हादसा हुआ। अभी विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।
डीसीपी ईस्ट अभिषेक अग्रवाल ने पुष्टि करते हुए कहा कि पांच लोगों की मृत्यु हुई है, जबकि अन्य चार लोग घायल हुए। घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल भेजा गया। वहीं पांच लोगों की मौत होने पर पुलिस ने उनके शवों को अपने कब्जे में लिया।




















