एक्सप्रेसवे पर चलती प्राइवेट बस बनीं आग का गोला, यात्रियों में मची चीख-पुकार, ड्राइवर फरार

प्राइवेट बस
बस से उठतीं आग की लपटें।

आरयू ब्यूरो, मथुरा। भ्रष्‍ट और निकम्‍मे अफसरों को खरीदकर उत्‍तर प्रदेश की सड़कों पर दौड़ती प्राइवेट बसें यात्रियों के लिए लगातार खतरनाक साबित हो रहीं हैं। इसी क्रम में यमुना एक्सप्रेस-वे पर रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब आगरा से नोएडा जा रही एक प्राइवेट बस अचानक आग लग गई। चलती बस में लगी आग से यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। यात्रियों ने किसी तरह बस से उतर कर अपनी जान बचाई, जबकि कुछ ही मिनटों में बस आग का गोला बन गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड टीम ने आग बुझाने के साथ ही घटना की जांच शुरू की।

मिली जानकारी के अनुसार आगरा से नोएडा जा रही एक प्राइवेट बस में करीब 48 यात्री सवार थे। तभी एक्सप्रेस-वे पर किलोमीटर 64 के पास अचानक बस में आग लग गई और धुआं उठना शुरू हुआ। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए चालक बस को सड़क किनारे छोड़कर मौके से भाग निकला, जिससे यात्रियों में हड़कंप मच गया।

यह भी पढ़ें- दर्दनाक: ट्रक से टक्कर के बाद प्राइवेट बस में लगी आग, 14 यात्रियों की जलकर मौत, कई की हालत गंभीर

हालांकि यात्रियों ने एक दूसरे की मदद कर किसी तरह से सभी लोगों को समय रहते बाहर निकाला और इसकी सूचना पुलिस को दी। देखते ही देखते आग ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया और बस जलकर खाक हो गई। सूचना पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं, लेकिन तब तक बस पूरी तरह जल चुकी थी। यात्रियों को पीछे से आ रही दो अन्य बसों के जरिए सुरक्षित उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया। नौहझील थाना प्रभारी सोनू कुमार ने बताया कि कोई जनहानि नहीं हुई है। चालक की तलाश की जा रही है।

इस संबंध में अग्निशमन अधिकारी किशन लाल ने मीडिया को बताया कि आग लगने का कारण प्रथम दृष्टया शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। मौके पर दमकल की चार गाड़ियां भेजी गईं और करीब 45 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

यह भी पढ़ें- दर्दनाक: सवारी से भरी प्राइवेट बस में लगी आग, जिंदा जलकर 20 यात्रियों की मौत, कई घायल