चुनावी सभा में बोले राहुल, शबरिमला पर PM मोदी की चुप्पी के साफ संकेत, भाजपा-LDF साथ कर रहे काम

राहुल गांधी
नरेंद्र मोदी की नीतियों पर सवाल उठाते राहुल गांधी।

आरयू वेब टीम। राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला बोलते हुए सोमवार को गंभीर आरोप लगाएं हैं। राहुल गांधी ने कहा कि पीएम मोदी केरल दौरे के दौरान शबरिमला मुद्दे पर चुप रहे, जो साफ संकेत है कि भारतीय जनता पार्टी और वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) साथ काम कर रहे हैं।

अडूर में कांग्रेस की चुनावी सभा को संबोधित करते हुए लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने दावा किया कि नौ अप्रैल के लिए निर्धारित विधानसभा चुनाव में उनकी पार्टी को मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) और भाजपा के “गठजोड़” से मुकाबला करना पड़ रहा है। साथ ही कहा, “हम एलडीएफ के खिलाफ चुनाव लड़ रहे हैं, जिसे भाजपा का पूरा समर्थन प्राप्त है। एक तरफ संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) है और दूसरी तरफ माकपा-भाजपा का गठजोड़ है।”

राहुल ने आरोप लगाया कि केरल में भाजपा (एलडीएफ को फायदा पहुंचाने के लिए) “गुपचुप तरीके से काम कर रही है।’’ आगे कहा, “भाजपा यहां यूडीएफ को नहीं चाहती, क्योंकि वह जानती है कि राष्ट्रीय स्तर पर उसे चुनौती देने वाली एकमात्र ताकत कांग्रेस है। भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के साथ हमारी वैचारिक लड़ाई है।”

साथ ही कांग्रेस नेता ने दावा किया कि जहां विपक्षी नेताओं के खिलाफ केंद्रीय एजेंसियां कार्रवाई कर रही हैं, वहीं केरल में एलडीएफ नेतृत्व पर ऐसा कोई दबाव नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया, “मेरे खिलाफ 36 मामले दर्ज किए गए हैं और मुझसे लगातार 55 घंटे तक पूछताछ की गई है, लेकिन केरल के मुख्यमंत्री या एलडीएफ नेताओं के खिलाफ ऐसी कोई कार्रवाई नहीं हुई है।”

दरअसल रविवार को पलक्कड़ में मोदी द्वारा दिए गए भाषण का जिक्र करते हुए गांधी ने कहा कि प्रधानमंत्री अक्सर मंदिरों और धर्म की बात करते हैं, लेकिन शबरिमला मामले पर चुप रहे। राहुल ने कहा, “वह शबरिमला के बारे में बोलना भूल गए। उन्होंने भगवान अयप्पा मंदिर से जुड़े मुद्दों का जिक्र नहीं किया। इससे साफ है कि भाजपा और एलडीएफ साथ काम कर रहे हैं।”कांग्रेस नेता ने ये भी कहा कि प्रधानमंत्री धार्मिक मुद्दों को तभी उठाते हैं, जब यह चुनावी रूप से उनके लिए फायदा पहुंचाने वाला होता है।

यह भी पढ़ें- मोदी सरकार के पास दिशा है न रणनीति, सिर्फ बयानबाजी: राहुल गांधी

हमला जारी रखते हुए कांग्रेस नेता ने कहा कि “मोदी के लिए अगर इससे वोट मिलते हैं, तो वह मंदिरों की बात करेंगे, अन्यथा चुप रहेंगे।”उन्होंने इस बात पर बल दिया कि अगर यूडीएफ सत्ता में आती है तो मंदिर से संबंधित कथित अनियमितताओं के लिए जिम्मेदार लोगों को जवाबदेह ठहराया जाएगा।

यह भी पढ़ें- राहुल ने कहा, प्रधानमंत्री खुद कॉम्प्रोमाइज्ड, मोदी वही करते जो अमेरिका-इजरायल उनसे चाहते हैं करवाना