आरयू ब्यूरो, लखनऊ। बीते दिनों राहत के बाद फिर तपिश ने परेशान कर दिया। ऐसे में राहत भरी खबर ये है कि यूपी के माैसम में शुक्रवार से दोबारा बदलाव के संकेत हैं। माैसम विभाग का कहना है कि नए पश्चिमी विक्षोभ के असर से सहारनपुर, शामली, मेरठ, नोएडा समेत पश्चिम के 18 जिलों में तेज हवा और गरज चमक के साथ बूंदाबांदी की संभावना है।
मौसम विभाग के मुताबिक शुक्रवार और शनिवार के बीच बारिश के साथ ही इन जिलों में वज्रपात और ओले गिरने की भी आशंका जताई गई है। करीब 11 जिलों में ओले गिर सकते हैं। वहीं गुरुवार को धूप की तपिश और भीषण गर्मी ने लोगों को असहज किया। प्रयागराज में 40 डिग्री, वाराणसी व हमीरपुर में 39.5 डिग्री और कानपुर में 39.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ।
आंचलिक माैसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक का कहना है कि प्रदेश में शुक्रवार से विक्षोभ के सक्रिय होने से पश्चिमी यूपी से बारिश का दाैर शुरू होकर शनिवार को पूर्वी यूपी में पहुंचेगा। इस दाैरान कई हिस्सों में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने और ओलेगिरने की भी संभावना है।
यह भी पढ़ें- मौसम विभाग ने जारी की UP के इन जिलों में ओले गिरने की चेतावनी
वहीं जिन जिलों में तेज हवा के साथ गरज चमक की संभावना उनमें बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, झांसी गौतमबुद्धनगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, आगरा, बिजनौर, अमरोहा, महोबा, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर ललितपुर व आस-पास के इलाकों शामिल है।




















