मौसम विभाग का अनुमान 15 अप्रैल के बाद 40 डिग्री के पार पहुंच सकता है UP का तापमान

भीषण गर्मी का सितम

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। उत्तर प्रदेश में प्रचंड गर्मी सहने के लिए तैयार हो जाइए। मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक आज पश्चिमी हवाओं पर ब्रेक लग गया है, जिससे तापमान में बढ़ोतरी हुई। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है कि तेज धूप में खासकर दोपहर को घर से बाहर निकलने में सावधानी बरतें। मौसम विभाग ने सोमवार यानी 13 अप्रैल से मौसम के पूरी तरह साफ रहने और तापमान में लगातार बढ़ोतरी का अलर्ट जारी किया है। अनुमान है कि 15 अप्रैल के बाद अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच सकता है।

साथ ही न्यूनतम तापमान में भी वृद्धि होने से रात में भी लोगों को गर्मी परेशान करेगी। बीते 24 घंटे के मौसम की बात करें तो यूपी के दोनों संभागों में मौसम शुष्क बना रहा। पश्चिमी यूपी के कुछ इलाकों में तेज रफ्तार हवाओं के साथ एक दो जगह पर बादल गरजने के साथ हल्की बारिश भी हुई। वहीं ज्यादातर इलाकों में मौसम शुष्क बना रहा। मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार रविवार को लखनऊ में आसमान साफ रहा।

यह भी पढ़ें- गर्मी का प्रकोप देख, स्कूलों की छुट्टियां बढ़ाने की संगठनों ने की मांग, CM को भेजा लेटर

मौसम वैज्ञानिक ने बताया कि प्रदेश में मौसम शुष्क होने के बाद पिछले तीन दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में औसतन छह से आठ डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। इसके बावजूद अधिकांश स्थानों पर तापमान अब भी सामान्य से नीचे बने हुए हैं। वहीं अगले सात दिनों तक प्रदेश में कोई भी सक्रिय मौसम तंत्र नहीं होने के कारण मौसम शुष्क बना रहेगा।

यह भी पढ़ें- पांच दिन देरी से UP पहुंचा मानसून, मिलेगी गर्मी से राहत