मिर्जापुर में भीषण सड़क हादसा, बोलेरो-कार व ट्राले से टकराईं ट्रक, 11 की मौत

सड़क हादसा
भीषण सड़क हादसे में क्षतिग्रस्त वाहन।

आरयू ब्यूरो, लखनऊ/मिर्जापुर। उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में भीषण सड़क हादसा हो गया है। ट्रक की दो कारों और एक अन्य ट्राले से टक्कर हो गई। जिससे बोलेरो में लगी आग में चालक समेत नौ लोग जिंदा जल गए। वहीं एक अन्य कार के चालक और ट्रक के खलासी की भी दबने से मौत हो गई। हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने बोलेरो से नौ और क्षतिग्रस्त ट्रक और कार में फंसे दो शवों को बाहर निकाला। जिंदा जले नौ लोगों समेत दस की पहचान हो गई है। एसपी ने दुर्घटना में 11 लोगों की मौत की पुष्टि की है।

मिली जानकारी के मुताबिक बीती रात मिर्जापुर के ड्रमंडगंज घाटी में एक ट्रक ब्रेक फेल होने के बाद बेकाबू हो गई। दरसअल, ट्रक मध्य प्रदेश से चना लादकर मिर्जापुर आ रहा था। ड्रमंडगंज के बड़का घुमान मोड़ के पास ट्रक का ब्रेक फेल हो गया। अनियंत्रित ट्रक ने आगे चल रही अल्टो कार, बोलेरो और एक अन्य ट्रक को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बोलेरो में आग लग गई। वहीं, अल्टो कार दोनों ट्रकों के बीच दब गई। घटना के बाद मौके पर चीख पुकार मच गई।

घटना की जानकारी मिलते ही ड्रमंडगंज पुलिस, फायर ब्रिगेड की टीम और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत के बाद बोलेरो में लगी आग पर काबू पाया। इसके बाद बोलेरो से नौ शवों को बाहर निकाला गया। वहीं, कार और ट्रक में फंसे दोनों शवों को भी निकाला गया।

मृतकों की हुई पहचान

घटना में मृतकों की पहचान सामने आई है। कार चालक की पहचान सोनभद्र के राबट्सगंज के परसिया दुबे गांव निवासी जयप्रकाश (26) पुत्र मुन्नर प्रसाद के रूप में हुई है। हादसे के बाद सड़क पर जाम जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई। घटनास्थल पर भारी भीड़ जुट गई। इससे वहां अफरा-तफरी मच गई। मामले में सामने आया है कि जिंदा जलने वाले नौ एक ही गांव के रहने वाले थे। सभी लोग जिगना क्षेत्र के नरैना गांव के निवासी थे।

बोलेरो में जलकर मरने वालों की पहचान बीना सिंह (40) पत्नी प्रदीप सिंह, वंदना (38) पत्नी अरुण सिंह, पंकज (30) पुत्र रामचंद्र सिंह, पीयूष (18) पुत्र प्रदीप सिंह, सोनम (आठ) पुत्री प्रदीप, प्रियंका (42) पत्नी कमलेश सिंह, शिवा (सात) पुत्र अरुण सिंह, कार्तिकेय (18) पुत्र कमलेश सिंह के अलावा रामपुर हंसवार गांव निवासी बोलेरो चालक विष्णु सिंह (40) पुत्र चिक्कर सिंह के रूप में हुई है।

तह भी पढ़ें- उधमपुर में भीषण सड़क हादसा, खाई में गिरी ओवरस्‍पीड प्राइवेट बस, 22 यात्रियों की दर्दनाक मौत, 40 घायल

इस संबंध में मिर्जापुर एसपी अपर्णा रजत कौशिक ने घटना को लेकर कहा कि हादसा ट्रक का ब्रेक फेल होने के कारण हुआ है। ड्रमंडगंज घाटी से उतरते समय ट्रक का ब्रेक अचानक फेल हो गया था। अनियंत्रित ट्रक ने एक कार, बोलेरो और फिर ट्रक में टक्कर मार दी। कार दोनों ट्रकों के बीच फंस गई थी, जबकि बोलेरो में आग लग गई। हादसे में 11 लोगों की मौत हो गई है। पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम पहुंच राहत एवं बचाव कार्य में जुटी रही। मौके पर एसपी समेत अन्य अधिकारियों ने पहुंच कर स्थिति का जायजा लिया।

यह भी पढ़ें- मालवाहक की टैंकर से टक्कर में पांच महिलाओं समेत आठ श्रद्धालुओं की दर्दनाक मौत, कई घायल