आरयू वेब टीम। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बुधवार को बीएसएफ ठिकानों के पास हुए दो धमाके की घटना के लिए भाजपा को जिम्मेदार ठहराया है। साथ ही आरोप लगाया कि भाजपा का ये काम करने का तरीका है कि जिस राज्य में चुनाव लड़ना है पहले वहां दंगे करवा दो, छोटे-मोटे धमाके करवा दो, धर्म, जाति के नाम लोगों को बांट दो। यह भाजपा के चुनाव की तैयारी है।
सीएम ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनी रहेगी और दोषियों को सख्त सजा होगी। मैं भाजपा को कहना चाहता हूं कि पंजाब ने बहुत काले दिन देख लिए हैं, अब पंजाबी ये बर्दाश्त नहीं करेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि ये भाजपा की पंजाब विधानसभा चुनाव की तैयारी है। लोगों को डरा धमका कर बीजेपी वोट लेना चाहती है। पंजाब शांति वाला राज्य है, बीजेपी अपनी हरकतों से बाज आए।
सीएम मान ने कहा कि सरबत का भला करने वाली गुरबाणी यहां पर सुबह शाम करोड़ों लाउडस्पीकरों से बोली जाती है। आप हमारे साथ इस तरह की हरकतें ना करें। हमारी सरकार द्वारा बनाए गए बेअदबी कानून से ये लोग बहुत परेशान है क्योंकि इन्हें पंजाब में लोगों को लड़वाना था। अगर बेअदबी होगी तो इन्हें दो समुदायों को आपस में भड़काना था, भिड़वाना था। मैं बीजेपी वालों को कहना चाहता हूं कि पंजाब ने बहुत काली रातें और काले दिन देखे हैं।
सीएम मान ने कहा कि पंजाब देश के लिए हमेशा खड़ा है। जब भी देश संकट में होता है, चाहे अनाज की बात हो, चाहे कहीं दुश्मन की गोली का संकट हो, पंजाब हमेशा अपने सीने पर संकट लेता है। मगर पंजाब में शांति बनी रहेगी, कानून-व्यवस्था बनी रहेगी, दोषियों को सख्त सजा भी होगी और बीजेपी को मैं ये कहना चाहता हूं कि हमने बहुत काले दिन देख लिए हैं। अब पंजाबी ये सब बर्दाश्त नहीं करेंगे। पंजाबी शांतिप्रिय लोग हैं, हम दुनिया का भला मांगने वाली गुरबाणी पढ़ते हैं।
यह भी पढ़ें- राहुल का दावा, असम-बंगाल में जनादेश की चोरी लोकतंत्र ‘नष्ट’ करने की भाजपा के मिशन का बड़ा कदम
बता दें, पंजाब में मंगलवार रात को दो धमाके हुए, जिससे अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। एक धमाका जालंधर में और दूसरा अमृतसर में हुआ था। इन दोनों घटनाओं के बाद सुरक्षा व्यवस्था काफी सख्त कर दी गई है। दरअसल तीन घंटे अंतराल पर जालंधर में बीएसएफ मुख्यालय और अमृतसर के खासा आर्मी कैंट के बाहर जोरदार धमाके हुए। जालंधर में मंगलवार रात करीब 8:15 बजे बीएसएफ हेडक्वार्टर के बाहर एक स्कूटी में धमाका हुआ, जिससे कैंपस की दीवारें तक हिल गईं। धमाके की आवाज करीब डेढ़ किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। हालांकि, इस घटना को लेकर कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ है। एक व्यक्ति के घायल होने की सूचना है, लेकिन पहचान नहीं हो पाई है। स्कूटी चालक को भी पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।




















