न्यूजीलैंड हमले का बदला था, श्रीलंका के सीरियल ब्लास्ट, ISIS ने ली जिम्मेदारी, मरने वालों की संख्या बढ़कर हुई 320

आइएसआइएस
फाइल फोटो।

आरयू इंटरनेशनल डेस्‍क। 

श्रीलंका में रविवार को हुए आत्‍मघाती आतंकी हमले की जिम्मेदारी आतंकी संगठन इस्लामिक इस्टेट (आइएसआइएस) ने अपनी अमाक समाचार एजेंसी के माध्यम से मंगलवार को ली है। वहीं हमले में मृतकों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। मंगलवार को इस धमाके में मरने वालों का आंकड़ा 320 हो गया। जिसे लेकर आज श्रीलंका में शोक दिवस भी मनाया जा रहा है।

रविवार को ईस्टर के मौके पर देश में आठ जगहों पर सिलसिलेवार रूप से बम धमाके हुए थे। धमाके में मरने वालों में 10 भारतीय भी शामिल हैं। श्रीलंका में आज संसद का विशेष सत्र बुलाया गया है, इस सत्र में मृतकों को श्रद्धांजलि दी गई। वहीं मंगलवार को श्रीलंका के उप रक्षा मंत्री रुवान विजयवर्धन ने श्रीलंकाई संसद को बताया, कि ‘प्रारंभिक जांच में पता चला है कि श्रीलंका में रविवार को जो हुआ वो क्राइस्टचर्च में मुसलमानों के खिलाफ हुए हमले का बदला था।बदला लेने के लिए श्रीलंका की राजधानी कोलंबो में धमाके किए गए। उन्होंने कहा कि, जो भी श्रीलंका में हुआ उसके पीछे क्राइस्टचर्च में मुस्लिमों पर हुआ हमला है।

ईस्टर के मौके पर रविवार को देश में हुए सिलसिलेवार बम धमाकों की वजह से हुई विनाश की घटना कल्पना से परे थी और खुफिया जानकारी पहले मिल जाने के बावजूद देश में बड़ी संख्या में मौजूद गिरजाघरों को सुरक्षा प्रदान करना तकरीबन ‘असंभव’ था। देश के रक्षा मंत्री हेमासिरी फर्नांडो ने मंगलवार को स्थानीय मीडिया से यह बात कही।

यह भी पढ़ें- ईस्‍टर पर चर्च-होटलों में आठ धमाकों से दहला श्रीलंका, 35 विदेशियों समेत 207 की मौत, 450 घायल

बता दें कि पिछले महीने न्‍यूजीलैंड के क्राइस्‍टचर्च शहर में एक ऑस्ट्रेलियाई बंदूकधारी ब्रेंटन टैरंट ने दो मस्जिदों में अंधाधुंध गोलीबारी की। इस हमले में 50 लोगों की मौत हो गई थी। हमले के वक्‍त मस्जिद में भारी तादाद में श्रद्धालु मौजूद थे।

मालूम हो कि ईस्टर त्योहार के मौके पर श्रीलंका की राजधानी कोलंबो, कैंडी समेत कई शहर में कुल आठ धमाके हुए थे। घायलों की संख्या 500 के करीब बताई जा रही है। श्रीलंका ने इस हमले को एक बड़ी चूक माना है और इसके लिए विदेशी आतंकियों को जिम्मेदार ठहराया।

यह भी पढ़ें- श्रीलंका धमाकों में मृतकों की संख्या हुई 290, 24 संदिग्‍ध गिरफ्तार

गौरतलब है कि रविवार को हमला होने के बाद सोमवार को भी खतरा बरकरार रहा। पेट्टा के मुख्य बस स्टेशन पर सोमवार को 87 डोटेनेटर पाए गए थे, जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया था। इसके अलावा हवाई अड्डे के पास भी एक जिंदा बम मिला था।

यह भी पढ़ें- न्यूजीलैंड की दो मस्जिद में आतंकी हमले में 49 लोगों की मौत, हमलावर ऑस्ट्रेलिया का नागरिक