आरयू ब्यूरो, लखनऊ। रूमी गेट के पास लगने वाला ट्रैफिक जाम से भविष्य में लोगों को राहत मिल सकती है। इसके लिए एलडीए रूमी गेट के पास पार्किंग बनाएगा, जिसमें बसों के साथ ही करीब 450 वाहन खड़े हो सकेंगे। लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने आज इंजीनियरों की टीम के साथ हेरिटेज जोन का निरीक्षण कर पार्किंग बनाने का निर्देश दिया। वहीं एक अन्य जगह निरीक्षण के दौरान काम में गड़बड़ी मिलने पर वीसी ने ठेकेदार पर जुर्माना लगाया है।
निरीक्षण के बाद प्रथमेश कुमार ने मीडिया से कहा है कि रूमी गेट के पास वाहनों की अवैध पार्किंग से लोगों को ट्रैफिक जाम की समस्या से जूझना पड़ता है। जिससे इमामबाड़ा, घंटा घर, रूमी दरवाजा समेत हेरिटेज जोन घूमने के लिए आने वाले पर्यटकों को भी दिक्कत होती है। इसे ध्यान में रखते हुए क्षेत्र का सर्वे कराया गया था। जिसमें रूमी गेट के बगल में पार्किंग के लिए करीब नौ हजार वर्गमीटर जमीन चिन्हित की गयी है।
तीन करोड़ होगा खर्च
उपाध्यक्ष ने बताया कि इस भूमि पर 15 बसें, 150 चार पहिया वाहन व लगभग 300 बाइक के लिए पार्किंग प्राधिकरण बनाएगा। इस पार्किंग को करीब तीन करोड़ रूपये की लागत से निर्मित किया जाएगा। पार्किंग में वाहनों के प्रवेश व निकासी के लिए रूमी गेट के बगल से 14 मीटर चौड़ा कॉरिडोर बनाया जाएगा। इसके अलावा पार्किंग से पैदल यात्रियों की निकासी के लिए मुसाफिर खाना गेट से वैकल्पिक मार्ग दिया जाएगा।
फूड कोर्ट के पीछे भी पार्किंग
इसके अलावा हुसैनाबाद स्थित फूड कोर्ट के पीछे निर्माणाधीन लाइब्रेरी के पास लगभग 700 वर्गमीटर में पार्किंग विकसित की जाएगी। वीसी ने बताया कि हुसैनाबाद क्षेत्र में इन दो स्थानों पर पार्किंग बनने से न सिर्फ क्षेत्र वासियों को ट्रैफिक जाम की समस्या से छुटकारा मिलेगा, बल्कि पर्यटकों को भी काफी सुविधा मिलेगी।
यह भी पढ़ें- नींद से जागे LDA ने सील कर दिया अपना ही हुसैनाबाद फूड कोर्ट, संचालन एजेंसी दबाए थीं 93 लाख
ठेकेदार पर डेढ़ लाख का जुर्माना
वहीं प्राधिकरण रेजिडेंसी के पास प्लेस मेकिंग का काम करा रहा है। यहां निरीक्षण में कार्य की प्रगति धीमी मिलने पर उपाध्यक्ष ने कार्यदायी संस्था मेसर्स एफ.एन. एंड कंपनी पर डेढ़ लाख रूपये का जुर्माना लगाया है।
इसके बाद वीसी ने सूरज कुण्ड पार्क का निरीक्षण किया, जहां परिसर के पास अवैध झुग्गी-टीन शेड को हटाने के निर्देश दिये। साथ ही पार्क में तैनात कर्मचारियों की बायोमेट्रिक हाजिरी के लिए वहां मशीन लगाने के निर्देश दिये।
यह भी पढ़ें- पेमेंट डिटेल होगी ऑनलाइन अपडेट, LDA VC ने रिकॉर्ड रूम का निरीक्षण कर बाबू को किया निलंबित, पुरानों की भी हुई वापसी
जल्द खुलेगी लजीज गली
वहीं हुसैनाबाद में लजीज गली का भी वीसी ने निरीक्षण आज किया। यहां 15 फूड कियॉस्क निर्मित किये गये हैं। वर्तमान में स्थल पर टॉयलेट ब्लॉक के निर्माण का कार्य चल रहा है। प्रथमेश कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि 15 दिन के अंदर सभी काम पूरा कराकर इसी माह लजीज गली संचालित कर दी जाए। इससे स्थानीय कामगारों को रोजगार के साथ ही पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।
नींबू पार्क में शुरू होगा फाउंटेन
उपाध्यक्ष ने नींबू पार्क का भी निरीक्षण किया। जहां पार्क में स्थापित नये फाउंटेन को शीघ्र संचालित करने के निर्देश दिये। उपाध्यक्ष ने कहा कि पार्क में नींबू की अलग-अलग प्रजातियों के पौधे लगाये जाएं।
यह भी पढ़ें- एलडीए की बहुचर्चित ‘हरियाली’ पर कमिश्नर की नजर, तलब किया पार्कों की आमदनी-खर्चों की डिटेल, सुधर सकते हैं हालात
निरीक्षण के दौरान एलडीए के चीफ इंजीनियर मानवेन्द्र सिंह, जोनल अधिकारी प्रभाकर सिंह, अधिशासी अभियंता मनोज सागर एवं नीरज कुमार, उद्यान अधिकारी एस.के. भारती समेत अन्य एलडीए के अफसर-इंजीनियर के अलावा प्राइवेट कंपनियों व स्मारक समिति के कर्मचारी भी मौजूद रहें।




















