आरयू ब्यूरो, लखनऊ। खराब मौसम का असर शुक्रवार को विमान सेवाओं पर पड़ा। कोलकाता से पटना जा रही एक उड़ान को लखनऊ एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराया गया है। इसके अलावा लखनऊ आने-जाने वाली चार उड़ानें रद्द कर दी गईं, जबकि कई उड़ानें निर्धारित समय से लेट हुईं।
मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार दोपहर बाद पटना का मौसम अचानक बिगड़ने से विमान संचालन बाधित हुआ। कोलकाता से दोपहर 3:50 बजे पटना पहुंची इंडिगो की उड़ान (6ई 6917) पटना एयरपोर्ट पर लैंड नहीं कर सकी और आसमान में चक्कर लगाती रही। एटीसी से लैंडिंग की अनुमति न मिलने पर इसे लखनऊ डायवर्ट कर दिया गया। ये उड़ान शाम करीब 5:15 बजे लखनऊ एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतरी।
फ्लाइट में 180 यात्री और छह क्रू मेंबर सवार थे। बाद में मौसम सामान्य होने पर विमान को लखनऊ से रवाना कर दिया गया। खराब मौसम के कारण जयपुर से सुबह 10:20 बजे लखनऊ पहुंचने वाली इंडिगो की उड़ान (6ई 7651) और इंदौर से शाम 7:35 बजे लखनऊ पहुंचने वाली इंडिगो की उड़ान (6ई 7422) रद्द कर दी गयी।
इसी तरह, लखनऊ से सुबह 10:40 बजे इंदौर जाने वाली इंडिगो की उड़ान (6ई 7221) और लखनऊ से शाम आठ बजे जयपुर जाने वाली इंडिगो की उड़ान (6ई 7652) भी रद्द कर दी गईं। जबकि लखनऊ से सुबह 8:15 बजे दम्माम जाने वाली फ्लाइनेस की उड़ान (एक्सवाई 897) 9:31 बजे रवाना हुई। लखनऊ से सुबह 8:50 बजे मुंबई जाने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान (आईएक्स 1027) 9:40 बजे उड़ान भर सकी।
यह भी पढ़ें- चलती फ्लाइट से इमरजेंसी गेट खोल कूदा यात्री, मचा हड़कंप
वहीं लखनऊ से शाम 3:45 बजे देहरादून जाने वाली इंडिगो की उड़ान (6ई 515) एक घंटा देरी से रवाना हुई। साथ ही लखनऊ से शाम 6:30 बजे दिल्ली जाने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान (आईएक्स 2173) शाम 7:50 बजे रवाना हुई। लखनऊ से शाम 6:45 बजे दिल्ली जाने वाली इंडिगो की उड़ान (6e 5003) रात आठ बजे जायेगी, जबकि शाम 7:15 बजे चेन्नई जाने वाली इंडिगो की उड़ान (6ई 518) रात 8:05 पर रवाना होगी, जबकि शाम 7:50 बजे नवी मुंबई जाने वाली अकासा एयर की उड़ान (क्यूपी 2020) एक घंटा देरी से उड़ान भरेगी।

















