आरयू वेब टीम। केरल विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के करीब दस दिन बाद गुरुवार को कांग्रेस ने केरल सीएम के नाम की घोषणा कर दी है। जिसके बाद वीडी सतीशन केरल के नए मुख्यमंत्री होंगे। दरअसल 140 सदस्यीय केरल विधानसभा में कांग्रेस नेतृत्व वाले यूडीएफ ने 102 सीटों पर जीतकर बहुमत हासिल किया।
इससे पहले केरल के मुख्यमंत्री के नाम पर मंथन को लेकर दिल्ली में कांग्रेस के शीर्ष नेताओं की एक हाई-लेवल बैठक हुई, जिसमें कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी समेत पार्टी के तमाम वरिष्ठ नेता शामिल हुए। इस बैठक के बाद कांग्रेस पर्यवेक्षक मुकुल वासनिक, पर्यवेक्षक अजय माकन और केरल की प्रभारी महासचिव दीपा दास मुंशी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में उनके नाम की घोषणा की।
गौरतलब है कि केरल के मुख्यमंत्री पद की रेस में वीडी सतीशन के अलावा रमेश चेन्निथला और केसी वेणुगोपाल का नाम भी मुख्यमंत्री पद की रेस में शामिल था। हालांकि अंतिम दौर की बातचीत के बाद वीडी सतीशन के नाम पर मुहर लगी। 140 सदस्यीय केरल विधानसभा में कांग्रेस नेतृत्व वाले यूडीएफ ने 102 सीटों पर जीतकर बहुमत हासिल किया है।
यह भी पढ़ें- केरल में UDF की बंपर जीत पर प्रियंका ने कहा, जनता का भरोसा करेगा हमारा मार्गदर्शन
बात करें वीडी सतीशन की तो छात्र राजनीति से अपना राजनीतिक सफर शुरू कर वह परवूर विधानसभा से विधायक बने हैं। इस सीट से वह 2001 से लगातर छठी बार चुनाव जीते हैं। 2021 में कांग्रेस ने उन्हें केरल विधानसभा में विपक्ष का नेता बनाया था। वह केरलम प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष भी रह चुके हैं। उनकी गिनती केरल में कांग्रेस के सबसे मुखर और मजबूत विपक्षी चेहरों में होती है। उनको पूर्व मुख्यमंत्री के. करुणाकरण का करीबी समर्थक माना जाता है।
यह भी पढ़ें- केरल विधानसभा का बड़ा फैसला, गवर्नर के पत्रों पर नहीं होगा विचार

















