आरयू ब्यूरो, लखनऊ। समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे और अखिलेश यादव के भाई प्रतीक यादव पंचतत्व में विलीन हो गए। गुरुवार को भैसाकुंड में प्रतीक यादव के ससुर व अपर्णा यादव के पिता अरविंद सिंह बिष्ट ने प्रतीक यादव के पार्थिव शरीर को मुखाग्नि देकर अंतिम संस्कार किया।
इस दौरान अखिलेश यादव, धर्मेंद्र यादव, आदित्य यादव, शिवपाल सिंह यादव समेत परिवार के अन्य लोग मौजूद रहे।इससे पहले पार्थिव शरीर को लखनऊ में विक्रमादित्य मार्ग स्थित उनके आवास पर रखा गया है, ताकि लोग उन्हें श्रद्धांजलि दे सकें। वहीं प्रतीक यादव की अंतिम यात्रा की गाड़ी को खास तरह से सजाया गया। अनेक जानवरों के साथ प्रतीक यादव की तस्वीर लगाई गई। प्रतीक यादव डॉग लवर के तौर पर लगातार काम करते रहे हैं और ऐसे में उनकी अंतिम यात्रा में भी वही छवि देखने को मिली।
वहीं प्रतीक यादव की अंतिम यात्रा जब घर से निकली तो सबकी आंखें नम थीं। पत्नी अपर्णा यादव भी अपनी दोनों छोटी बेटियों के साथ शमशान घाट पहुंची। अपर्णा अपनी बेटियों को लेकर स्वामी अवधेशानंद गिरी महाराज की कार में सवार होकर घाट तक पहुंची। पिता को खोने के बाद बेटियों के आंसू रुक नही रहे थे, जिसे देख वहां मौजूद हर शख्स की आंखें भर आई।
प्रतीक यादव के अंतिम संस्कार में समाजवादी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी के तमाम बड़े नेता शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने प्रतीक के अचानक निधन पर दुख जताया। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा, “ये बहुत दुखद घड़ी है। प्रतीक यादव असमय हमारे बीच से चले गए। मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि उन्हें अपने श्री चरणों में स्थान दें और पूरे परिवार को इस असहनीय पीड़ा को सहने की ताकत दें।”
यह भी पढ़ें- मुलायम सिंह के बेटे प्रतीक यादव की अचानक मौत, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुआ ये खुलासा
दरअसल बुधवार सुबह प्रतीक यादव की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उनका निधन हो गया था। महज 38 साल की उम्र में प्रतीक यादव की मौत से राजनीतिक और सामाजिक हलों में शोक पसर गया है। कांग्रेस, बीजेपी और समाजवादी पार्टी के तमाम नेताओं ने इस पर दुख जताया है।
















