आरयू ब्यूरो, लखनऊ/मुरादाबाद। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री सीएम ब्रजेश पाठक के चार्टर्ड प्लेन में सोमवार को तकनीकी गड़बड़ी आ गई। डिप्टी सीएम के विमान को जैसे ही स्टार्ट किया गया तो इंजन से धुआं निकलने लगा। पायलट ने खामी को भांप लिया। उस वक्त डिप्टी सीएम अपनी टीम के साथ विमान के अंदर मौजूद थे। तकनीकी खराबी की जानकारी होते ही डिप्टी सीएम और उनके साथ मौजूद लोगों को विमान से बाहर निकाला गया। जिससे डिप्टी सीएम बड़े हादसे से बाल-बाल बच गए।
जानकारी के मुताबिक, ब्रजेश पाठक जिस विमान में सवार थे। वह बीचक्रॉफ्ट किंग एयर B-200 मॉडल का सरकारी चार्टर्ड प्लेन है। यह उत्तर प्रदेश सरकार के वीवीआइपी उपयोग वाले तीन विशेष विमानों में शामिल है। सोमवार शाम करीब चार बजकर दस मिनट पर विमान को उड़ान के लिए तैयार किया जा रहा था। पायलट ने जैसे ही विमान का इंजन स्टार्ट किया, तभी बाएं इंजन से अचानक धुआं उठने लगा। पायलट ने तुरंत स्थिति को भांप लिया और विमान को आगे बढ़ाने के बजाए वहीं रोक दिया।
घटना के तुरंत बाद सुरक्षा प्रोटोकॉल लागू कर दिया गया। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक को सुरक्षित विमान से बाहर निकालकर एयरपोर्ट के वीआईपी लाउंज में पहुंचाया गया। वहां डिप्टी सीएम करीब 20 मिनट तक रुके रहे। इस दौरान टेक्निकल टीम विमान की जांच में जुटी रही। हालांकि बाद में तकनीकी विभाग ने साफ कर दिया कि विमान तत्काल उड़ान भरने की स्थिति में नहीं है। इसके बाद प्रशासन ने वैकल्पिक व्यवस्था करते हुए डिप्टी सीएम को सड़क मार्ग से लखनऊ रवाना किया।
बता दें कि ब्रजेश पाठक रविवार को मुरादाबाद पहुंचे थे, वहां उन्होंने संगठन और सरकारी योजनाओं की समीक्षा बैठक की थी। इसके बाद वह अमरोहा के गजरौला पहुंचे और जुबिलेंट फैक्ट्री के गेस्ट हाउस में रात्रि विश्राम किया। सोमवार को उन्होंने अमरोहा और संभल जिले का दौरा भी किया। पूरे कार्यक्रम के बाद वह लखनऊ रवाना होने के लिए शाम को मुरादाबाद एयरपोर्ट पहुंचे थे। इसी दौरान उनके विमान में खराबी आ गई।
यह भी पढ़ें- अमेठी में ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट की खेत में इमरजेंसी लैंडिंग से मचा हड़कंप, बड़ा हादसा टला




















