आरयू ब्यूरो, लखनऊ। लखनऊ के शहीद पथ पर बुधवार को एक सड़क हादसा हो गया। वृंदावन योजना के पास तेज रफ्तार सफारी कार बेकाबू होकर डिवाइडर से टकराने के साथ लोहे की रेलिंग तोड़ते हुए करीब 25 मीटर तक घिसटती चली गई। हादसे में ड्राइवर समेत गाड़ी में सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, UP 32 AE 6497 नंबर की सफारी शहीद पथ पर तेज रफ्तार से जा रही थी। इसी दौरान ड्राइवर का गाड़ी से नियंत्रण हट गया, जिससे कार डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर के बाद लोहे की रेलिंग उखड़कर वाहन में फंस गई। कार घिसटती रही। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसा इतना भयानक था कि रेलिंग का एक हिस्सा (लोहे की पट्टी) कार का शीशा तोड़ते हुए अंदर तक घुस गया।
यह भी पढ़ें- UP में भीषण सड़क हादसा, तेज रफ्तार ट्रक ने रोडवेज बस को मारी टक्कर, छह यात्रियों की मौत, 15 घायल
सूचना पर पहुंची पुलिस और राहत टीम ने वाहन में फंसे घायलों को बाहर निकाला। सभी घायलों को उपचार के लिए मेदांता अस्पताल भेजा गया। पुलिस के मुताबिक हादसे में ड्राइवर अमित कुमार वर्मा (36), हिंदुस्तान पेट्रोलियम (एचपीसीएल) के ऑडिट अफसर आशीष कुमार और पीयूष कुमार घायल हुए हैं। उनकी स्थिति स्थिर है।
वहीं हादसे के कारण कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ, हालांकि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त वाहन को हटाया। साथ ही यातायात को सुचारु रूप से संचालित कराया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुट गई।




















