आरयू ब्यूरो, लखनऊ। लखनऊ विकास प्राधिकरण अपनी वरूण विहार व नैमिष नगर योजना को एक साथ लांच करेगा। इसके लिए एलडीए के इंजीनियर भी तेजी से सड़कों का जाल बिछाने की कागजी तैयारी में जुट गए हैं। साथ ही इन योजनाओं के दो-दो सेक्टरों में कुल 3105 आवासीय प्लॉट के लिए प्राधिकरण रजिस्ट्रेशन खोलेगा। हालांकि 72 वर्गमीटर से 450 वर्गमीटर के इन भूखंडों के पंजीकरण का समय एलडीए अभी नहीं तय कर सका है।
सोमवार को एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने अधिकारियों के साथ बैठक कर योजनाओं के लांचिंग की जानकारी ली। साथ ही दोनों योजनाओं में तेजी से अरबों रूपयों का टेंडर कराकर 18 मीटर से 45 मीटर चौड़ी रोड का निर्माण शुरू कराने के निर्देश दिये। वीसी से हरि झंडी मिलने के बाद अभियंताओं ने भी टेंडर से जुड़ी अपनी जरूरी भूमिका निपटाने की तैयारी तेज कर दी है।
यह भी पढ़ें- LDA ऑफिस में ही उड़ी ई-टेंडर की धज्जियां, तबादले के बाद भी जमे बेखौफ इंजीनियर बिना निविदा ही नई बिल्डिंग में करा रहें साढ़े चार करोड़ का रेनोवेशन
वरूण विहार में लांच होंगे 1926 प्लॉट
प्राधिकरण के मुताबिक वरूण विहार में 800 एकड़ से अधिक क्षेत्रफल में ग्रीन बेल्ट, पार्क व वॉटर बॉडीज विकसित की जाएगी, जिसमें एक अंतरराष्ट्रीय स्तर का गोल्फ कोर्स व सेंट्रल पार्क होगा। इसके अलावा 300 एकड़ में लॉजिस्टिक पार्क विकसित किया जाएगा। प्रथमेश कुमार ने आज इस बारे में कहा कि वरूण विहार योजना के पहले फेज में 1926 आवासीय प्लॉट लांच होंगे। इसमें कैलाश खंड के 1218 और काशी खंड के 708 भूखंड भूखण्ड शामिल हैं।
यह भी पढ़ें- एलडीए की बहुचर्चित ‘हरियाली’ पर कमिश्नर की नजर, तलब किया पार्कों की आमदनी-खर्चों की डिटेल, सुधर सकते हैं हालात
नैमिष नगर में 1179 प्लॉट का होगा रजिस्ट्रेशन
वहीं आई.आई.एम. रोड पर लगभग 3600 एकड़ में प्रस्तावित नैमिष नगर योजना के बारे में उपाध्यक्ष ने कहा है कि इस योजना के पहले चरण में कुल 1179 भूखंडों के लिए पंजीकरण खोला जाएगा। इसमें ब्रह्मा खंड के 669 और भूमि खंड के 510 प्लॉट शामिल होंगे। इस योजना के लिए बी.के.टी. तहसील के ग्राम-भौली, लक्ष्मीपुर, पूरब गांव, पुरवा, सैरपुर, फरूखाबाद, कोड़री भौली, कमलाबाद, कमलापुर, पलहरी, गोपरामऊ, बारूमऊ, धतिंगरा, सैदापुर, पश्चिम गांव, धोबैला, उमरभारी व दुग्गौर की जमीन प्राधिकरण जुटा रहा है।
यह भी पढ़ें- सोते रहें जिम्मेदार! एलडीए की जमीन से करोड़ों की मिट्टी खोद ले गए चोर, नैमिष नगर शुरू होने से पहले प्राधिकरण को लगी आर्थिक चोट
इसके अलावा प्रथमेश कुमार ने आज यह भी कहा कि आगरा एक्सप्रेस-वे पर लगभग 6580 एकड़ में विकसित हो रही वरूण विहार योजना के लिए सदर व सरोजनीनगर तहसील के गांव-भलिया, आदमपुर इन्दवारा, बहरू, जलियामऊ एवं मदारपुर, इब्राहिमगंज, नकटौरा, गहलवारा, तेजकृष्ण खेड़ा, रेवरी, सकरा एवं दोना की भूमि जुटायी जा रही है। योजना में करीब साढ़े तीन लाख की आबादी को आवासीय सुविधा मिलेगी। साथ ही शहर के उद्योग, स्वास्थ्य, शिक्षा व लॉजिस्टिक क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास होगा।
बैठक में सचिव विवेक श्रीवास्तव, अपर सचिव सी.पी. त्रिपाठी, संयुक्त सचिव सुशील प्रताप सिंह व एसडीएम संगीता राघव समेत अन्य अधिकारी व संबंधित इंजीनियर मौजूद रहे।




















