राजनाथ सिंह ने किया LDA के फ्रेगरेंस पार्क का उद्घाटन, कहीं ये बातें

फ्रेगरेंस पार्क
उद्घाटन के मौके पर लोगों को संबोधित करते राजनाथ सिंह।

आरयू ब्‍यूरो, लखनऊ। विभिन्‍न तरह के पार्कों और जगह-जगह हरियाली लाने और बचाने के नाम बीते दो सालों में युद्ध स्‍तर पर अरबों रूपयों खर्च करने वाले लखनऊ विकास प्राधिकरण ने आज एक और नया पार्क लखनऊ में शुरू कराया है। पुराने लखनऊ में बनें फ्रेंगरेंस पार्क का उद्घाटन शनिवार को देश के रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने किया है। हालांकि इस पार्क में प्रवेश के लिए टिकट कब से और कितना लगेगा इस बारे में एलडीए ने आज खुलासा नहीं किया है और न ही अधिकारियों ने यह स्‍पष्‍ट किया है कि पार्क को प्राधिकरण अपने हिसाब से संचालित करेगा या इसे भी किसी प्राइवेट कंपनी को सौंप दिया जायेगा।

2.20 एकड़ में तैयार हुए पार्क का नाम लाला लाजपत राय फ्रेंगरेंस पार्क रखा गया है। उद्घाटन के साथ ही पार्क में स्थापित लाला लाजपत राय तथा शहीद भगत सिंह की प्रतिमाओं का भी अनावरण करते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि आने वाली पीढ़ियों को इनसे राष्ट्रभक्ति की प्रेरणा व ऊर्जा मिलेगी। इस दौरान उन्होंने लखनऊ विकास प्राधिकरण द्वारा 43.13 करोड़ रूपये की लागत से शहर में किये जाने वाले विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास भी किया।

यह भी पढ़ें- कबाड़ वाली कलाकारी से LDA ने लखनऊ में शुरू कराया तीसरा पार्क,  मुख्‍य सचिव ने किया उद्घाटन, प्राइवेट कंपनी देगी आपको 100 से 30 रुपये में इंट्री

राजनाथ सिंह ने उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान पार्क में चंदन का पौधा रोपित किया। उन्होंने कहा कि आधुनिक शहर केवल चौड़ी सड़कों, मॉल और बड़ी-बड़ी इमारतों से नहीं बनता। शहर तभी सही मायने में आधुनिक कहलाता है, जब वहां पर्याप्त खुले स्थान, पार्क, खेल के मैदान और हरियाली हो। पार्क लोगों को सुकून देने के साथ समाज को जोड़ने का भी काम करते हैं। यहां बच्चे खेलते हैं, बुजुर्ग अपने अनुभव साझा करते हैं और लोग आपस में संवाद करते हैं। इसलिए पार्क किसी भी शहर के सामाजिक बुनियादी ढांचे का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं।

यह भी पढ़ें- एलडीए की बहुचर्चित ‘हरियाली’ पर कमिश्‍नर की नजर, तलब किया पार्कों की आमदनी-खर्चों की डिटेल, सुधर सकते हैं हालात

लखनऊ लोकसभा के सांसद ने यह भी कहा कि लाला लाजपत राय देशवासियों में स्वाभिमान और राष्ट्रवाद की चेतना जगाने वाले महान देशभक्त थे। वहीं भगत सिंह युवा भारत की ऊर्जा, साहस और क्रांतिकारी चेतना के प्रतीक थे। दोनों पीढ़ियों का संगम राष्ट्र निर्माण का संदेश देता है। एक ओर अनुभव और मार्गदर्शन है तो दूसरी ओर युवाओं की ऊर्जा और जोश। देश को आगे बढ़ाने के लिए दोनों जरूरी हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि लाला लाजपत राय के नाम पर बना यह पार्क लखनऊ की सुंदरता में नया आयाम जोड़ने के साथ बच्चों और युवाओं को राष्ट्रभक्ति, साहस और त्याग की प्रेरणा देगा। कार्यक्रम के अंत में रक्षामंत्री ने फ्रेगरेंस पार्क को आकार देने के लिए एलडीए की सराहना की।

पार्क शुरू होने के बाद एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने प्रेस नोट जारी करते हुए मीडिया को बताया कि लगभग पांच करोड़ रूपये की लागत से 2.20 एकड़ क्षेत्रफल में यह पार्क विकसित किया गया है। पार्क के नाम के अनुरूप यहां एन.बी.आर.आई. के सहयोग से विभिन्न प्रकार के सुगंधित पौधे लगाये गये हैं, जोकि पर्यटकों को काफी आकर्षित करेंगे। नागरिकों की सुविधा एवं मनोरंजन के लिए पार्क में एक ओपन एयर थियेटर का निर्माण कराया गया है। साथ ही खाने-पीने के लिए कैफेटेरिया की भी सुविधा दी गयी है।

यह भी पढ़ें- ग्रीन जोन बनें NHAI के शहीद पथ की हरियाली के नाम पर जनता के 43 करोड़ फूंकेगा LDA!, टेंडर भी कराया टुकड़ों में, उठ रहें सवाल

एलडीए वीसी ने बताया कि पार्क में लगे सभी पौधों के पास उनके नाम व प्रजाति की पट्टिका लगायी गयी है, जिससे कि लोग आसानी से इन सुगंधित एवं औषधीय पौधों का विवरण देख सकेंगे। इसे अधिक प्रभावी बनाने के लिए पार्क में एक इंटरप्रिटेशन सेंटर व फ्लावर बुके पार्लर भी बनाया गया है, जहां लोग पौधों के बारे में जानकारी प्राप्त करने के साथ ही मनपसंद पौधा/फूल खरीद सकेंगे। लोग पूरे पार्क में आसानी से चहलकदमी कर सकें, इसके लिए चारों ओर रेड सैंड स्टोन पाथ-वे निर्मित किया गया है। पार्क में विकसित स्कीनवॉल के सम्मुख स्वतंत्रता सेनानी लाला लाजपत राय एवं शहीद भगत सिंह की प्रतिमाएं स्थापित की गयी हैं।

यह भी पढ़ें- जिस पार्क की हरियाली पर LDA हर महीने खर्च कर रहा 54 लाख, निरीक्षण में उपाध्‍यक्ष को वही मिली बदहाली, ठेकेदार पर लगा जुर्माना, सुधरने को मिलें सात दिन

कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, राज्‍यसभा सांसद दिनेश शर्मा, सांसद बृजलाल, सांसद संजय सेठ, महापौर सुषमा खर्कवाल, विधायक नीरज बोरा, विधायक ओपी श्रीवास्तव, विधायक योगेश शुक्ला समेत अन्य नेता व एलडीए के अधिकारी व इंजीनियर भी मौजूद रहें।

यह भी पढ़ें- अब मोती पार्क संवारने में सात करोड़ खर्च करेगा एलडीए, अकबर नगर की तरह भीखमपुर में भी लाएगा हरियाली