आरयू वेब टीम। अयोध्या में स्थित राम मंदिर के करोड़ों के दान और चढ़ावे चोरी को लेकर इन दिनों योगी सरकार घिरी हुई है। इस बीच आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का बयान सामने आया है। उन्होंने भाजपा सरकार पर आरोपितों को बचाने का आरोप लगाया है। साथ ही कहा कि राम मंदिर करोड़ों हिंदुओं की आस्था का केंद्र है। उसी राम मंदिर से करोड़ों रुपए का दान चोरी हो गया, फिर भी एक भी एफआइआर दर्ज नहीं की गई। चोरी के इस इस घोटाले में बहुत बड़े-बड़े नाम शामिल हैं।
केजरीवाल ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें उन्होंने योगी सरकार की नीयत पर संदेह जताते हुए कहा है कि राम मंदिर से करोड़ों रुपए के चंदे की चोरी के बावजूद अब तक एक भी एफआइआर क्यों नहीं दर्ज की गई। केजरीवाल ने कहा ‘राम मंदिर करोड़ों हिंदुओं की आस्था का केंद्र है। उसी राम मंदिर से करोड़ों रुपए का दान चोरी हो गया, फिर भी एक भी एफआइआर दर्ज नहीं की गई। सरकार किसे बचा रही है? इस पाप में शामिल लोग चाहे कितने भी बड़े क्यों न हों, उन्हें सीधे जेल में डाल देना चाहिए। करोड़ों लोगों की आस्था की रक्षा करना जरूरी है’।
आप नेता ने कहा कि बताया जा रहा है कि करीब 200 करोड़ का तो कैश ही चोरी हुआ है। सात ही कई हीरे-जवाहरात के बक्से भी चोरी हुए है। उन्होंने कहा कि इस मामले में अभी तक एक भी एफआइआर नहीं हुई। साथ ही कहा कि न तो यूपी पुलिस ने, न ही सीबीआई ने और न ही ईडी ने कोई एफआइआर दर्ज की। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य दोनों जगह पर भाजपा की सरकारें हैं न तो कोई रेड हुई और न ही किसी को गिरफ्तार किया गया।
यह भी पढ़ें- राम मंदिर के दान चोरी पर शंकराचार्य ने कहा, इसकी जड़ें बहुत पुरानी, चंपत पर भी कसा तंज
वहीं आरोप लगाते हुए केजरीवाल ने कहा कि चोरी के इस इस घोटाले में बहुत बड़े-बड़े नाम शामिल हैं। ऐसे में अगर कार्रवाई होती है तो सरकार भी गिर सकती है। इस दौरान आप नेता ने जनता से सवाल किया कि आपके हिसाब से किसे बचाना जरूरी है सरकार को या देश के करोड़ों लोगों की आस्था को। केजरीवाल ने कहा है कि करोड़ों हिंदुओं की आस्था के साथ खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई की जानी चाहिए।




















