आरयू इंटरनेशनल डेस्क। वेनेजुएला अभी दो भीषण भूकंपों से हुई तबाही से उबर भी नहीं पाया था कि दोपहर देश के उत्तरी तट के पास एक बार फिर धरती हिल गई। ये भूकंप का झटका राजधानी कराकस और मराकाय समेत कई इलाकों में महसूस किया गया। अंतरराष्ट्रीय भूकंप निगरानी एजेंसी ईएमएससी के अनुसार इस नए भूकंप की तीव्रता 4.9 मापी गई है। हालांकि, इससे किसी बड़े नुकसान की तत्काल जानकारी सामने नहीं आई है।
अमेरिकी भूगर्भ सर्वेक्षण के अनुसार, वेनेजुएला में शुक्रवार को एक और भूकंप दर्ज किया गया। इस भूकंप की तीव्रता 4.7 मापी गई, जिसका केंद्र एल लिमोन से 54 किलोमीटर उत्तर में स्थित था। यूएसजीएस के मुताबिक यह भूकंप 26 जून 2026 को रात दस बजकर 16 मिनट पर आया। इसकी गहराई करीब दस किलो मीटर दर्ज की गई, जबकि भूकंप का स्थान 10.800°N अक्षांश और 67.599°W देशांतर पर बताया गया है। यह भूकंप 24 तारीख को आए विनाशाकारी डबलेट भूकंप के आफ्टरशॉक के रूप में देखा जा रहा है।
गौरतलब है कि बुधवार को वेनेजुएला में लगातार कुछ ही सेकंड के अंतराल पर दो शक्तिशाली भूकंप आए थे। इनकी तीव्रता क्रमशः 7.2 और 7.5 मापी गई थी। इन दोनों भूकंपों को वेनेजुएला में एक सदी से ज्यादा समय में आए सबसे शक्तिशाली झटकों में शामिल किया जा रहा है। भूकंप के कारण सबसे ज्यादा तबाही ला ग्वाइरा, कराकस और देश के उत्तरी तटीय राज्यों में हुई। कई इमारतें पूरी तरह ढह गईं और जरूरी बुनियादी ढांचे को भारी नुकसान पहुंचा।
यह भी पढ़ें- वेनेजुएला में शक्तिशाली भूकंपों के बाद मलबे में तब्दील हुई राजधानी, दस हजार लोगों के मौत की आशंका
वेनेजुएला में इन भूकंपों से मरने वालों की संख्या बढ़कर कम से कम 920 हो गई है। वहीं, अधिकारियों के अनुसार करीब 3360 लोग घायल हुए हैं। वेनेजुएला की नेशनल असेंबली के अध्यक्ष जॉर्ज रोड्रिग्ज ने शुक्रवार को नए आंकड़ों की जानकारी दी। अधिकारियों ने यह भी बताया कि करीब 50 हजार लोग अभी भी लापता हैं। इस वजह से आशंका जताई जा रही है कि मृतकों की संख्या और बढ़ सकती है।




















