चिनहट के कोल्ड स्टोरेज में लगी भीषण आग, आसपास के लोगों ने छोड़ा घर

कोल्‍ड स्‍टोरेज में आग
आग बुझाने की कोशिश करते फायर बिग्रेड के जवान। (फाइल फोटो)

आरयू ब्यूरो, लखनऊ। चिनहट कोतवाली क्षेत्र स्थित हिमालय कोल्ड स्टोरेज में रविवार को अचानक भीषण आग लग गई। जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते आग ने पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया। आग की भयावहता को देखते हुए आसपास के लोग अपने घरों से बाहर निकल आये। घटना की सूचना पाकर पुलिस और दमकल विभाग की कई टीमें मौके पर पहुंची और कई घंटों की कड़ी मशक्‍कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। आग लगने की वजह पता नहीं चल सकी है, पुलिस मामले की जांच कर रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आज सुबह करीब छह बजे हिमालय कोल्ड स्टोरेज परिसर से धुआं उठता दिखाई दिया। शुरुआती कुछ मिनटों में आग सीमित क्षेत्र में थी, लेकिन जल्द ही उसने पूरे परिसर को अपनी चपेट में लेना शुरू कर दिया। कोल्ड स्टोरेज के भीतर मौजूद ज्वलनशील सामग्री और बंद होने के कारण आग तेजी से फैलती चली गई। कुछ ही देर में लपटें इतनी ऊंची उठने लगीं कि दूर-दूर तक धुएं का घना गुबार दिखाई देने लगा।

आस-पास के लोगों ने तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी। शुरुआत में दमकल वाहन मौके पर पहुंचे, लेकिन आग की तीव्रता को देखते हुए अतिरिक्त संसाधन बुलाने पड़े। शुरुआत में सीमित संख्या में पहुंचीं दमकल गाड़ियों की जगह बाद में लगातार अतिरिक्त फायर टेंडर भेजे गए। आग की भयावहता को देखते हुए करीब दो दर्जन दमकल गाड़ियां मौके पर तैनात की गईं। ऊंचाई और भीतर तक पहुंच बनाने के लिए हाइड्रोलिक फायर टेंडर भी लगाए गए।

वहीं आग के फैलने की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने दयाल रेजिडेंसी और आस-पास के कई मकानों को एहतियातन खाली करा दिया। पुलिस और प्रशासन की टीमों ने घर-घर जाकर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने को कहा। कई परिवारों को अपना घर छोड़कर बाहर निकलना पड़ा। साथ ही इलाके में गैस सिलेंडर, बिजली के उपकरण और अन्य संभावित जोखिमों को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई।

राहत कार्य के दौरान कोल्ड स्टोरेज के अंदर की एक दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग के कारण अंदर अत्यधिक गर्मी और गैस बनने जैसी स्थिति उत्पन्न हुई, जिससे ये संरचनात्मक क्षति हुई। हालांकि इस संबंध में अंतिम तकनीकी निष्कर्ष विस्तृत जांच के बाद ही सामने आएंगे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हिमालय कोल्ड स्टोरेज में अहियागंज के कई व्यापारियों का माल रखा हुआ था। आग की वजह से बड़ी मात्रा में सामान के नष्ट हुआ है। हालांकि नुकसान का कोई आधिकारिक आंकड़ा अभी तक जारी नहीं किया गया है।

यह भी पढ़ें- अलीगंज की चार मंजिला अवैध बिल्डिंग में लगी आग, 15 छात्रों की दर्दनाक मौत, कुछ ने कूदकर बचाई जान, नौ घायल

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने रिहायशी क्षेत्र के बीच व्यावसायिक कोल्ड स्टोरेज के संचालन पर सवाल उठाए। कुछ निवासियों का कहना है कि घनी आबादी के बीच इस तरह की व्यावसायिक इकाई सुरक्षा की दृष्टि से चिंता का विषय है और भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचने के लिए सुरक्षा मानकों की समीक्षा आवश्यक है, हालांकि इन आरोपों और मांगों पर प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

यह भी पढ़ें- प्राइवेट हॉस्पिटल के ICU में लगी भीषण आग, दर्जनभर मरीजों की मौत