आरयू वेब टीम। पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के बाद से पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की मुश्किल बढ़ती जा रही है। इस बीच ममता बनर्जी ने शुक्रवार को एक संदेश जारी किया। जिसमें ममता बनर्जी ने भाजपा पर जमकर हमला बोला और सत्ताधारी दल पर टीएमसी के नेताओं और कार्यकर्ताओं को निशाना बनाने का आरोप लगाया। ममता ने कहा कि ‘अगर भाजपा सरकार उन्हें चुप कराना चाहती है या टीएमसी को खत्म करना चाहती है तो उसके लिए पहले उन्हें मुझे मारना होगा।’
इस वीडियो संदेश में ममता बनर्जी ने टीएमसी में हो रही बगावत और नेताओं के शोषण पर अपनी बात रखते हुए आरोप लगाया कि भाजपा उनकी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं को डराने-धमकाने में लगी है। ममता ने कहा कि टीएमसी के कई नेताओं पर हमले हुए हैं और उनका अपमान किया गया है। इनमें महुआ मोइत्रा, अभिषेक बनर्जी और कल्याण बनर्जी जैसे वरिष्ठ नेता शामिल हैं। ‘आप ने किस पर हमला नहीं किया है? आपने महुआ, अभिषेक बनर्जी, कल्याण बनर्जी पर हमला किया। आपने मेरे घर पर हमला किया।’
ममता बनर्जी का ये वीडियो संदेश ऐसे समय आया है, जब टीएमसी पार्टी बड़ी चुनौतियों से निपट रही है। पार्टी में अंदरुनी मतभेद और बगावत उभरी है और पार्टी में टूट का खतरा है। बागी विधायक ऋतब्रत बनर्जी को करीब 60 विधायकों का समर्थन मिला हुआ है। साथ ही संदेश में दावा किया कि उनके कई सहयोगियों से पुलिस हिरासत में अमानवीय व्यवहार किया गया।
यह भी पढ़ें- अब पुलिस की मौजूदगी में TMC सांसद महुआ मोइत्रा पर हुआ अंडे-पत्थर से हमला, BJP कार्यकर्ताओं पर लगा आरोप
टीएमसी प्रमुख ने कहा, ‘मेरे कई सहयोगी जेल में बंद हैं, उन्हें फर्श पर सोने को मजबूर किया जा रहा है। कुछ को कमर में रस्सियां और पैरों में हथकड़ियां डालकर घुमाया जा रहा है। कुछ के सिर मुंडवा दिए गए हैं। कईयों पर घिनौनी चीजें फेंकी गई हैं, जिनका जिक्र करना भी शर्मनाक है।’
बता दें कि ममता बनर्जी का यह वीडियो संदेश ऐसे समय सामने आया है, जब उनकी पार्टी में लगातार टूट जारी है। गुरुवार को टीएमसी के तीन पूर्व सांसद भाजपा में शामिल हो गए। इनमें सुष्मिता देव, सुखेंदु शेखर राय और प्रकाश चिक बराइक का नाम शामिल है। कोलकाता के साल्ट लेक स्थित भाजपा कार्यालय में तीनों नेताओं ने भाजपा की सदस्यता ली।




















