आरयू ब्यूरो, लखनऊ। लखनऊ-प्रयागराज हाईवे पर बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार क्रेटा कार पुलिया की रेलिंग से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग बुरी तरह फंस गए। हादसे में ड्यूटी पर जा रहे एक पुलिस सिपाही समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
मिली जानकारी के मुताबिक ये हादसा आज सुबह करीब आठ बजे बछरावां थाना क्षेत्र के खैरहनी चौराहे के पास हुई। धमाके जैसी तेज आवाज सुनकर आस-पास के लोग मौके पर पहुंचे। कार के आगे का हिस्सा बुरी तरह दब गया था और चालक के साथ आगे बैठा व्यक्ति अंदर फंस गया था। पुलिस और स्थानीय लोगों ने मिलकर घायलों को बाहर निकाला और एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बछरावां पहुंचाया।
पुलिस के मुताबिक हादसे में जान गंवाने वाले सिपाही महाराज सिंह (50) रायबरेली दीवानी न्यायालय में सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात थे। वह मूल रूप से जालौन के रहने वाले थे और परिवार के साथ लखनऊ में रहते थे। चार दिन की छुट्टी के बाद बुधवार को वह अपनी क्रेटा कार से ड्यूटी जॉइन करने के लिए रायबरेली जा रहे थे। रास्ते में उन्होंने निगोहा से दो और बछरावां बॉर्डर से दो लोगों को लिफ्ट दी थी। हादसे के समय कार में उनके समेत कुल पांच लोग सवार थे।
हादसे में सिपाही महाराज सिंह के अलावा लालगंज के सरेनी निवासी चंद्रपाल सिंह (72) की भी मौत हुई। तीसरे मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। घायल होने वालों में बछरावां के कुंडौली निवासी मोहम्मद रियान (25) और लखनऊ के तेलीबाग निवासी रजत साहू (34) शामिल हैं। इस संबंध में सीओ महाराजगंज प्रदीप कुमार ने बताया कि मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। दुर्घटना में तीन लोगों की मौत हुई है, जबकि दो गंभीर घायलों का इलाज लखनऊ ट्रामा सेंटर में चल रहा है। परिजनों को सूचना दे दी गई है।
इमरजेंसी मेडिकल ऑफिसर डॉ. प्रदीप कुमार ने बताया कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही दो लोगों की मौत हो चुकी थी, जबकि एक अन्य घायल ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। दो गंभीर घायलों को लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर किया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार किसी दूसरे वाहन से नहीं टकराई, बल्कि सीधे पुलिया की रेलिंग में जा घुसी। शुरुआती आशंका है कि चालक को नींद की झपकी आने के कारण वाहन अनियंत्रित हुआ होगा। हालांकि पुलिस का कहना है कि दुर्घटना के सही कारणों का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा।




















